रांची: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा 2025 का रिजल्ट इस माह के अंतिम सप्ताह में जारी किया जाएगा। परिषद से मिली जानकारी के मुताबिक उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन अब अंतिम चरण में है और अगले सप्ताह तक यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। परिणाम 25 मई के बाद कभी भी घोषित किया जा सकता है।
मैट्रिक के बाद इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम भी जारी किया जाएगा। इंटर की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य 20 मई तक पूरा कर लिया जाएगा। संभावना है कि इंटर का रिजल्ट जून के प्रथम सप्ताह में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा।
इस बीच, झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने कक्षा 11वीं की बोर्ड परीक्षा का मॉडल प्रश्न पत्र भी जारी कर दिया है। परीक्षाएं 20 मई से 23 मई तक आयोजित की जाएंगी। छात्र-छात्राएं JAC की आधिकारिक वेबसाइट jac.jharkhand.gov.in से मॉडल प्रश्नपत्र डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा की तिथियां परिषद द्वारा पहले ही घोषित की जा चुकी हैं।
छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे रिजल्ट और परीक्षा से जुड़ी अद्यतन जानकारी के लिए नियमित रूप से परिषद की वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।







