रांची: रांची से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वालों पर झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई की जद में रांची नगर निगम के दो बड़े अधिकारियों के घरों की बिजली भी काट दी गई है। जानकारी के अनुसार, इन अधिकारियों पर ₹35,000 से लेकर ₹1 लाख तक का बिजली बिल बकाया था।
बिजली विभाग की ओर से लगातार नोटिस, रिमाइंडर और अनुरोध भेजे गए थे, लेकिन बकायेदारों ने बिल जमा नहीं किया। विभाग के पास उपलब्ध सूची के मुताबिक करीब 70 से 80 ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन्हें बार-बार चेताया गया था। अंततः विभाग ने चार से पांच दिन पहले इनके कनेक्शन काटने का निर्णय लिया।
JBVNL ने सबकी कर दी बत्ती गुल :
इस लिस्ट में कई प्रभावशाली व्यक्ति भी शामिल हैं, जो यह मान कर बैठे थे कि उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। लेकिन JBVNL ने इस भ्रम को तोड़ते हुए बिजली आपूर्ति रोक दी है। विभाग का कहना है कि अब ऐसे उपभोक्ताओं को न केवल बकाया बिल चुकाना होगा, बल्कि फिर से नया कनेक्शन लेने की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी।
बिजली विभाग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और बकाया राजस्व की वसूली के लिए किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। विभाग का मुख्य उद्देश्य राजस्व वृद्धि है, ताकि राज्य में बिजली व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।
Highlights



















