Bokaro: विश्व तंबाकू निषेध दिवस के तहत मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग बोकारो द्वारा एक जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली का नेतृत्व सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने किया। रैली सिविल सर्जन कार्यालय से प्रारंभ होकर बोकारो हवाई अड्डा होते हुए पत्थरकट्टा चौक तक निकाली गई। इसमें स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी एवं आम नागरिकों ने भाग लिया।
डॉ. प्रसाद ने इस मौके पर कहा कि तंबाकू का सेवन युवाओं में तेजी से बढ़ रहा है, जिससे वे गंभीर बीमारियों जैसे कैंसर, हृदय रोग, और असमय मृत्यु का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज को इस दिशा में जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग नियमित रूप से पान, गुटखा, और सिगरेट बिक्री केंद्रों पर छापेमारी कर रहा है, जिसमें अब तक 6 से 7 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
Bokaro: सिविल सर्जन ने कहा कि बोकारो सदर अस्पताल में तंबाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों के लिए विशेष सहायता उपलब्ध है। साथ ही, जिले के कई स्कूलों में तंबाकू निषेध से जुड़े पोस्टर लगाए गए हैं ताकि बच्चों और युवाओं को इसके दुष्परिणाम से अवगत कराया जा सके।
उन्होंने युवाओं से विशेष अपील की कि वे दिखावे या मित्रों के दबाव में आकर इस घातक लत की ओर न बढ़ें, क्योंकि यह उनके स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य तीनों के लिए हानिकारक है। रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि अब समय आ गया है कि हर नागरिक तंबाकू को “ना” कहे और एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाए।
रिपोर्टः चूमन कुमार


















