Nirsa– निरसा थाना क्षेत्र के एमपीएल ओपी क्षेत्र का संबंधपुर के समीप रविवार की देर शाम अनियंत्रित हाइवा की चपेट में आने से बाइक में सवार एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है. आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर जामताड़ा रोड को जाम कर लगभग 100 हाइवा के शीशे तोड़ डाले, इसके साथ ही हाइवा को आग के हवाले कर दिया.
हादसे की जानकारी मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे एमपीएल ओपी प्रभारी की गाड़ी पर भी पथराव किया गया. स्थिति को अनियंत्रित देख कर ओपी प्रभारी को जान बचाकर भागना पड़ा. बाद में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर आक्रोशित ग्रामीणों पर लाठी चार्ज कर खदेड़ा गया. पुलिस ने एक पुरुष के साथ दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है. दमकल की गाड़ी बुलाकर हाइवा में लगी आग को बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक हाइवा बुरी तरह जल चुका था.

मौके पर निरसा एसडीपीओ पीताम्बर सिंह खैरवार, निरसा इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी दिलीप यादव,एमपीएल ओपी प्रभारी वसीम अनवर खान समेत भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है.
घटना के संबंध में स्थानीय युवक ने बताया कि जो दोनों युवक कन्हाई एवं दिलीप मोटरसाइकिल में सवार थे, दोनों बेलडांगा स्थित मीना बाजार के रहने वाला थे. बाजार से घर लौटने के क्रम में ओवरटेक करने के चक्कर में तेज रफ्तार हाइवा ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया.
रिपोर्ट- संदीप शर्मा

















