Dhanbad: झारखंड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर जिले में सम्मान और उत्सव का माहौल रहा। जिले के उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों ने बैंक मोड़ स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
डीसी ने कहा-“यह दिन गर्व, कृतज्ञता और संकल्प का प्रतीक”:
माल्यार्पण के बाद डीसी आदित्य रंजन ने कहा कि यह दिन हर झारखंडवासी के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि एक समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकासशील झारखंड का निर्माण युवाओं और बच्चों को वह उज्ज्वल भविष्य देना, जिसका सपना राज्य आंदोलनकारियों ने देखा, सामाजिक न्याय, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनहितकारी योजनाओं को और प्रभावी बनाना। डीसी ने भगवान बिरसा मुंडा को आदिवासी अस्मिता और स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों में अग्रणी बताते हुए उन्हें प्रेरणा स्रोत कहा।
न्यू टाउन हॉल में कार्यक्रम का आयोजनः
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर न्यू टाउन हॉल, धनबाद में भव्य जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, आंदोलनकारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित आम नागरिकों के साथ कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे—
- विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के बीच परिसंपत्ति वितरण
- नव चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान
- झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मान
- सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और जागरूकता कार्यक्रम
जिलेभर में मनाया गया उत्सवः
सुबह से ही पूरे जिले में विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी संगठनों ने कई गतिविधियों का आयोजन किया जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्कूली जुलूस और जनजागरूकता रैलियां, वृक्षारोपण अभियान, खेलकूद प्रतियोगिताएं, बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी शामल है।
रिपोर्टः सोमनाथ





















