रांची : उत्तर प्रदेश को हरा सेमीफाइनल में पहुंची झारखंड टीम- 12वीं जूनियर
राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है.
हॉकी उत्तरप्रदेश को 4-0 से हरा कर लगातार 10वें वर्ष सेमी फाइनल में झारखंड टीम ने जगह बनायी है.
झारखंड की ओर से दीपिका सोरेंग, रजनी केरकेट्टा, एलिन डुंगडुंग और प्रमोदनी योगी लकड़ा ने गोल की.
आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में आयोजित 12वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर महिला
हॉकी चैंपियनशिप 2022 में हॉकी झारखंड की टीम ने गुरुवार को प्रातः खेले गए
अपने क्वार्टर फाइनल मैच में हॉकी उत्तरप्रदेश को 4-0 गोल से पराजित किया.
इन खिलाड़ियों ने किया गोल
झारखंड टीम ने आज अपने क्वार्टर फाइनल मैच में पहले क्वार्टर के 13वें मिनट में दीपिका सोरेंग ने एक शानदार फील्ड गोल कर टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई. दूसरे क्वार्टर में झारखंड टीम ने पुनः एक और शानदार फील्ड गोल रजनी केरकेट्टा के हाथों 18वें मिनट में की. तीसरे क्वार्टर में मैच काफी संघर्ष पूर्ण रहा और दोनों टीम गोल करने में असफल रही. मैच के चौथे क्वार्टर में हॉकी झारखंड की प्रमोदनी योगी लकड़ा ने मैच के 56वें मिनट में एक जबरजस्त फील्ड गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की. झारखंड टीम ने मैच के अंतिम पल में एक आक्रामक रुख अपनाते हुए एलिन डुंगडुंग के हाथों 60वें मिनट में फील्ड गोल कर टीम को 4-0 से जीत दिलायी.
ये है झारखंड की टीम
झारखंड टीम में रश्मि होरो, रोपनी कुमारी, काजल बड़ा, अंकिता डुंगडुंग, दीप्ति कुल्लू, किरण बड़ा, महिमा टेटे, दीपिका सोरेंग, रजनी केरकेट्टा, प्रमोदनी लकड़ा, निक्की कुल्लू, एलिन डुंगडुंग, एली तिर्की, प्रियंका गुड़िया, मोनिका नाग, पिंकी लकड़ा, अंजली केरकेट्टा, सलोमी कांडुलना, कोच तारिणी कुमारी और मैनेजर करुणा पूर्ति है.
2 अप्रैल को होगा सेमीफाइनल मैच
झारखंड टीम जीत होने पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, विजय शंकर सिंह, रजनीश कुमार, मनोज कोनबेगी, माइकल लाल, अशोक भगत, असरिटा लकड़ा, प्रतिमा बरवा, कांति बा, बीगन सोय सहित हॉकी झारखंड के समस्त पदाधिकारियों ने बधाई के साथ अगले मैच के लिए शुभकामनाएं दी. सेमीफाइनल में हॉकी झारखंड का अगला मैच 2 अप्रैल को हॉकी महाराष्ट्र से होगा.

















