Ranchi Crime News टीटॉस होटल फायरिंग के बाद गैंगस्टर Prince Khan की धमकी, रंगदारी नहीं दी तो परिवार खत्म करने की चेतावनी

रांची के कुटियातू स्थित टीटॉस होटल में फायरिंग और मनीष गोप की हत्या के बाद गैंगस्टर प्रिंस खान की नई धमकी। रंगदारी नहीं देने पर पूरे परिवार को मारने की चेतावनी।


Ranchi Crime News : राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित कुटियातू के टीटॉस फैमिली रेस्टोरेंट में शनिवार को हुई फायरिंग और होटल कर्मी मनीष गोप की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना के बाद गैंगस्टर प्रिंस खान का एक धमकी भरा ऑडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें वह होटल संचालक राजकुमार गोप को परिवार समेत जान से मारने की धमकी देता सुनाई दे रहा है।

ऑडियो में प्रिंस खान अपशब्दों का प्रयोग करते हुए कह रहा है कि राजकुमार गोप जल्द उससे संपर्क करे, अन्यथा होटल में गोली चलने के बाद अब उनके घर पर बम और गोलियां चलेंगी। उसने राजकुमार के बेटे से भी फोन पर बात कर रंगदारी नहीं देने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी है।

धमकी भरे ऑडियो में कई सनसनीखेज दावे

वायरल ऑडियो में प्रिंस खान यह भी दावा करता सुनाई दे रहा है कि उसने राजकुमार गोप के भांजे छोटू को मारने के लिए अपने लोगों को भेजा था, लेकिन वह उस दिन रिसेप्शन पर मौजूद नहीं था। इसके कारण उसके गुर्गों ने किसी अन्य व्यक्ति को गोली मार दी। ऑडियो में वह यह भी कहता है कि उसे धनबाद से किसी को भेजने की जरूरत नहीं है, क्योंकि उसके लोग रांची में ही मौजूद हैं और लगातार रेकी कर उसे जानकारी दे रहे हैं।

मनीष गोप का हुआ अंतिम संस्कार

रविवार को मनीष गोप का शव उसके लोधमा स्थित घर पहुंचते ही परिवार और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। बाद में स्थानीय मुक्तिधाम में उसका अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद से टीटॉस रेस्टोरेंट बंद है और वहां काम करने वाले सभी कर्मचारी अपने-अपने घर चले गए। शनिवार रात आसपास के कई होटल भी एहतियातन बंद कर दिए गए थे।

मनीष गोप दो भाइयों में बड़ा था और अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में बीमार पिता शंकर गोप, मां, पत्नी और पांच साल की एक बेटी है।

पहले भी रंगदारी को लेकर हो चुकी है फायरिंग

बताया जा रहा है कि रंगदारी की मांग को लेकर इससे पहले ओरमांझी के विकास अस्पताल के पास स्थित एक कार शोरूम पर भी फायरिंग की घटना हो चुकी है। पांच फरवरी 2026 को बाइक सवार अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से वहां गोलीबारी की थी। उस घटना की जिम्मेदारी राहुल सिंह गैंग ने ली थी। हालांकि 18 फरवरी को रांची पुलिस ने राहुल सिंह गैंग के पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया था।

पुलिस की लापरवाही पर भी उठ रहे सवाल

इस घटना के बाद पुलिस की लापरवाही पर भी सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार 25 दिसंबर को प्रिंस खान से मिली धमकी के बाद होटल संचालक ने प्राथमिकी दर्ज करायी थी। इसके बाद कुछ समय के लिए उन्हें एक बॉडीगार्ड दिया गया था, लेकिन करीब एक महीने बाद सुरक्षा हटा ली गयी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था जारी रहती, तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी।

फिलहाल होटल संचालक राजकुमार गोप के बयान के आधार पर एयरपोर्ट थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

Saffrn

Trending News

Corrugated Boxes Supplier in Jharkhand & West Bengal | Aarisha Packaging Solutions

Social Media

194,000FansLike
27,500FollowersFollow
628FollowersFollow
695,000SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img