रांची में शादी कार्ड, टेलीग्राम लिंक और फर्जी कस्टमर केयर नंबर के जरिए साइबर अपराधियों ने कई लोगों से लाखों रुपये की ठगी की। साइबर थाना में मामले दर्ज।
Cyber Fraud Alert रांची: राजधानी रांची में साइबर अपराधियों का नेटवर्क लगातार सक्रिय होता जा रहा है। शादी का कार्ड, फर्जी लिंक, नकली कस्टमर केयर नंबर, टेलीग्राम जॉब ऑफर और ट्रेडिंग स्कीम के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों से लाखों रुपये की साइबर ठगी के मामले सामने आये हैं। सभी मामलों में साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है।
Cyber Fraud Alert:शादी का कार्ड खोलते ही खाते से उड़ गये लाखों रुपये
सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के हेहल निवासी रामचंद्र को व्हाट्सऐप पर शादी का कार्ड भेजा गया। कार्ड पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया और साइबर अपराधियों ने पंजाब नेशनल बैंक के खाते से पांच बार में 2.72 लाख रुपये से अधिक की अवैध निकासी कर ली। पीड़ित ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज करायी है।
वहीं पुंदाग निवासी पम्मी कुमारी ने आरोप लगाया कि बॉस अप्लायंस कंपनी के सर्विस टेक्नीशियन के माध्यम से उनका मोबाइल फोन हैक कर तीन बैंक खातों से 2.27 लाख रुपये निकाल लिये गये।
Key Highlights
शादी का कार्ड खोलते ही मोबाइल हैक, खाते से उड़ाये 2.72 लाख
फर्जी लिंक और कस्टमर केयर नंबर से कई लोग बने शिकार
टेलीग्राम पर नौकरी और ट्रेडिंग के नाम पर ठगी
फ्लिपकार्ट और बैंक अकाउंट हैक कर लाखों की निकासी
साइबर थाना में अलग-अलग मामलों में प्राथमिकी दर्ज
Cyber Fraud Alert:फर्जी कस्टमर केयर और लिंक से ठगी
डोरंडा निवासी अंचन प्रसाद केशरी ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन शॉपिंग ऐप मिंत्रा का कस्टमर केयर नंबर गूगल पर खोजकर कॉल किया था। इसके बाद उन्हें एक लिंक भेजा गया। लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से दो बार में एक लाख रुपये की निकासी कर ली गयी।
इसी तरह ओरमांझी निवासी बवन वर्मा के मोबाइल पर आरटीओ के नाम से एक लिंक भेजा गया। लिंक खोलने के बाद उनके दो बैंक खातों से 1.93 लाख रुपये की ठगी कर ली गयी।
Cyber Fraud Alert:फ्लिपकार्ट अकाउंट और क्रेडिट कार्ड भी हुए हैक
डोरंडा थाना क्षेत्र के हिनू निवासी रंजीत कुमार झा के फ्लिपकार्ट अकाउंट को हैक कर उनके आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से 6.82 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली गयी। पीड़ित के अनुसार मोबाइल पर कई ओटीपी आये, लेकिन उन्होंने किसी के साथ साझा नहीं किया।
नामकुम निवासी लवण कुमार ने भी शिकायत दर्ज करायी है कि उनके फ्लिपकार्ट अकाउंट को हैक कर 97 हजार रुपये से अधिक का मोबाइल फोन और गोल्ड खरीद लिया गया।
वहीं नामकुम निवासी सुरेंद्र कुमार शर्मा के क्रेडिट कार्ड से 2.93 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला भी सामने आया है।
Cyber Fraud Alert:टेलीग्राम पर नौकरी और ट्रेडिंग का झांसा
नीट की तैयारी कर रही छात्रा संचिता साहा को टेलीग्राम पर नौकरी का झांसा देकर 1.35 लाख रुपये की ठगी कर ली गयी। छात्रा ने बताया कि मोहन एम्स के नाम से लिंक भेजकर उसे जाल में फंसाया गया।
धुर्वा के तिरिल आश्रम निवासी चंदन कुमार को ट्रेडिंग के नाम पर कम समय में राशि तीन गुना करने का लालच दिया गया। अलग-अलग तिथियों में उनसे दो लाख रुपये निवेश कराये गये। बाद में वेबसाइट बंद हो गयी और ठगी का पता चला।
Cyber Fraud Alert:फ्रेंचाइजी और लोन के नाम पर भी साइबर फ्रॉड
पंडरा ओपी क्षेत्र के विद्यानगर निवासी नितेश कुमार ने फैशनियर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के प्रोडक्ट वैलोमी की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 3.27 लाख रुपये ठगे जाने का मामला दर्ज कराया है।
वहीं पंडरा के चटकपुर निवासी मंटू कुमार ने बताया कि एलएंडटी कंपनी के नाम पर कॉल कर ईएमआई कम करने का झांसा दिया गया। लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो गया और खाते से 3.13 लाख रुपये निकाल लिये गये।
Cyber Fraud Alert:साइबर पुलिस ने लोगों को किया सतर्क
साइबर थाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, शादी कार्ड, कस्टमर केयर नंबर या जॉब ऑफर पर बिना जांच क्लिक न करें। ओटीपी, बैंक डिटेल और पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करें तथा संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन और थाना से संपर्क करें।
Highlights






