Advertisment

Cyber Fraud Alert: रांची में निवेश, पॉलिसी और विदेश नौकरी के नाम पर 11 लाख से अधिक की ठगी

रांची में साइबर अपराधियों ने शेयर मार्केट निवेश, पॉलिसी और अमेरिका में नौकरी दिलाने के नाम पर तीन लोगों से 11 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। साइबर थाने में मामले दर्ज।


Cyber Fraud Alert रांची: राजधानी रांची में साइबर अपराधियों ने अलग-अलग तरीकों से लोगों को निशाना बनाते हुए 11 लाख रुपये से अधिक की ठगी को अंजाम दिया है। शेयर मार्केट में निवेश, पॉलिसी प्री-मैच्योरिटी और विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर तीन लोगों से लाखों रुपये की ठगी की गई। पीड़ितों की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Cyber Fraud Alert:शेयर मार्केट निवेश के नाम पर CISF कर्मी से 5.55 लाख की ठगी

धुर्वा स्थित सीआईएसएफ में कार्यरत सत्यप्रकाश ने साइबर थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि उन्होंने फेसबुक पर आईआईएफएल कैपिटल के नाम से एक वीडियो देखा था। वीडियो देखने के बाद उन्होंने ई-मेल के माध्यम से मांगी गई जानकारी साझा की।

इसके बाद एक महिला ने वीडियो कॉल कर खुद को कंपनी की प्रतिनिधि बताया और कार्यालय का सेटअप भी दिखाया। महिला ने अपना नाम ईशानी ठाकुर बताया। गूगल पर कंपनी की जानकारी सही प्रतीत होने के कारण सत्यप्रकाश ने उस पर भरोसा कर लिया।

आरोप है कि महिला के कहने पर उन्होंने 5.55 लाख रुपये निवेश कर दिए। बाद में उनके कथित शेयर खाते में 27.79 लाख रुपये से अधिक की राशि दिखाई देने लगी, लेकिन जब उन्होंने पैसे निकालने का प्रयास किया तो निकासी नहीं हो सकी। इसके बाद कंपनी की ओर से 20 प्रतिशत कमीशन जमा करने की मांग की गई। संदेह होने पर उन्होंने साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।


Key Highlights

  • शेयर मार्केट निवेश के नाम पर CISF जवान से 5.55 लाख रुपये की ठगी।

  • पॉलिसी प्री-मैच्योरिटी का झांसा देकर युवक से 4.43 लाख रुपये ऐंठे।

  • अमेरिका में नौकरी दिलाने के नाम पर 1.72 लाख रुपये की साइबर ठगी।

  • तीनों मामलों में रांची साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज।

  • होटवार में साइबर अपराध अनुसंधान पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू।


Cyber Fraud Alert:पॉलिसी के नाम पर खाते से उड़ाए 4.43 लाख रुपये

एक अन्य मामले में नगड़ी निवासी शाहबाज अंसारी साइबर ठगी का शिकार हो गए। शिकायत के अनुसार उन्हें कुछ अज्ञात नंबरों से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को एनपीसीआई से जुड़ा बताते हुए कहा कि उनकी एक पॉलिसी प्री-मैच्योरिटी के लिए तैयार है तथा दूसरी पॉलिसी पेंशन प्लान से संबंधित है।

ठगों ने प्रक्रिया पूरी करने के लिए कस्टमर आईडी बनाने की बात कही। उनकी बातों में आकर शाहबाज अंसारी ने अलग-अलग माध्यमों से कुल 4.43 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। आरोपियों ने आश्वासन दिया कि चार दिनों के भीतर पूरी राशि उनके खाते में वापस आ जाएगी। हालांकि बाद में सभी नंबर बंद हो गए और उनसे संपर्क नहीं हो सका।

Cyber Fraud Alert:अमेरिका में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1.72 लाख की ठगी

कांके रोड स्थित जेपी मार्क निवासी समीर हुसैन ने भी साइबर थाना में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। शिकायत के अनुसार उनके ई-मेल पर अमेरिका के प्रसिद्ध होटल समूह के नाम से नौकरी का आवेदन पत्र भेजा गया था।

फॉर्म भरने के बाद उन्हें ई-मेल के जरिए चयनित होने की सूचना दी गई। इसके बाद वर्क परमिट और अन्य दस्तावेजों के नाम पर उनसे अलग-अलग तीन बैंक खातों में कुल 1.72 लाख रुपये जमा कराए गए।

राशि जमा करने के बाद भी वर्क परमिट नहीं मिला और लगातार अतिरिक्त पैसे की मांग की जाने लगी। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

Cyber Fraud Alert:साइबर अपराध जांच पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

इधर, साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए होटवार स्थित अनुसंधान प्रशिक्षण विद्यालय में सोमवार से पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के एसपी अजय कुमार सिन्हा ने किया।

प्रशिक्षण में पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को डिजिटल पेमेंट फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य संकलन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और आईपीडीआर विश्लेषण, डार्क वेब तथा क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े अपराधों की जांच संबंधी जानकारी दी जाएगी।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में झारखंड पुलिस की विभिन्न इकाइयों से आए 78 पुलिस पदाधिकारी और कर्मी भाग ले रहे हैं।

 

Highlights

Jharkhand Chamber Election 2026: झारखंड चैंबर चुनाव का ऐलान, जानिए नामांकन...

Jharkhand Chamber Election 2026: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का चुनाव 13 सितंबर 2026 को मारवाड़ी भवन, हरमू रोड में आयोजित...

Dhanbad Railway Employee House Theft: धनबाद में रेलवे कर्मचारी के बंद...

Dhanbad Railway Employee House Theft: धनसार थाना क्षेत्र के यमुना विहार कॉलोनी, बरमसिया फुटबॉल मैदान के समीप रेलवे कर्मचारी के बंद आवास को चोरों...

Chhatabad Bhudhansan: छाताबाद भूधसान पर सियासत तेज, मुआवजा और पुनर्वास की...

Chhatabad Bhudhansan, धनबाद: कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद में 7 अगस्त को हुए भूधसान की घटना के बाद प्रभावित परिवारों का आंदोलन लगातार जारी...