Advertisment

JPSC Scam: पूर्व चेयरमैन एल ख्यांगते को CID का समन, भर्ती परीक्षा गड़बड़ी मामले में आज होगी पूछताछ

जेपीएससी भर्ती परीक्षा गड़बड़ी मामले में सीआईडी ने पूर्व चेयरमैन एल ख्यांगते को समन जारी किया है। टीडीपीएल को टेंडर देने, ओएमआर हेराफेरी और परीक्षा प्रक्रिया पर होगी पूछताछ।


JPSC Scam रांची: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की जांच कर रही सीआईडी ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांगते को समन जारी किया है। उन्हें मंगलवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। जांच एजेंसी गिरफ्तार पांच आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिले अहम इनपुट के आधार पर अब पूर्व चेयरमैन से जवाब-तलब करेगी।

सीआईडी पिछले तीन दिनों से जेपीएससी की उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता, परीक्षा एजेंसी टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) के निदेशक रामवीर सिंह, मार्केटिंग मैनेजर मनोज कुमार तिवारी उर्फ अभय कुमार तिवारी तथा तकनीकी प्रोग्रामर उस्मान और एबाद से लगातार पूछताछ कर रही है। तीसरे दिन मिले इनपुट के बाद एल ख्यांगते को समन भेजा गया।

JPSC Scam: टेंडर आवंटन और परीक्षा प्रक्रिया पर होंगे सवाल

सीआईडी की पूछताछ में सबसे बड़ा फोकस टीडीपीएल को परीक्षा संचालन का टेंडर दिए जाने की प्रक्रिया पर रहेगा। जांच एजेंसी यह जानना चाहती है कि जब एजेंसी ब्लैकलिस्टेड थी तो उसे जेपीएससी जैसी संवैधानिक चयन संस्था की परीक्षा कराने का जिम्मा कैसे मिला।

इसके अलावा ओएमआर शीट में कथित हेराफेरी, परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उठाए गए कदम, निगरानी तंत्र की कार्यप्रणाली और कथित अनियमितताओं के बावजूद कार्रवाई नहीं होने जैसे मुद्दों पर भी पूर्व चेयरमैन से विस्तार से पूछताछ की जाएगी। सीआईडी यह भी पता लगाने का प्रयास करेगी कि कहीं इन गड़बड़ियों की अनदेखी या उन्हें बढ़ावा देने में उनकी कोई भूमिका तो नहीं थी।

JPSC Scam: पूर्व चेयरमैन एल ख्यांगते को CID का समन, भर्ती परीक्षा गड़बड़ी मामले में आज होगी पूछताछ
JPSC Scam: पूर्व चेयरमैन एल ख्यांगते को CID का समन, भर्ती परीक्षा गड़बड़ी मामले में आज होगी पूछताछ

Key Highlights:

  • जेपीएससी भर्ती परीक्षा गड़बड़ी मामले में पूर्व चेयरमैन एल ख्यांगते को सीआईडी का समन।

  • मंगलवार को टेंडर आवंटन और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर होगी पूछताछ।

  • गिरफ्तार पांच आरोपियों से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर जारी हुआ समन।

  • ख्यांगते बोले, सभी फैसले नियमों के तहत लिए, जांच में पूरा सहयोग करूंगा।

  • 40 लाख रुपये में सीट बिकने के आरोपों की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग।


JPSC Scam: पूछताछ से पहले ख्यांगते ने दी सफाई

सीआईडी के समक्ष पेश होने से पहले एल ख्यांगते ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने जेपीएससी में रहते हुए सभी निर्णय नियमावली के तहत लिए। उन्होंने कहा कि आयोग की जिम्मेदारी बेहद चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन वे किसी भी चुनौती से भागने वाले व्यक्ति नहीं हैं।

उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल से पहले कई परीक्षाओं के परिणाम लंबित थे। उन्होंने लंबित परिणाम जारी कराए, नई परीक्षाएं आयोजित कराईं और शिक्षकों की प्रोन्नति जैसी प्रक्रियाओं को भी पूरा कराया।

40 लाख रुपये में सीट बिकने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि यदि इन आरोपों में रत्तीभर भी सच्चाई है तो जांच एजेंसी को इसकी गहराई तक जाकर निष्पक्ष जांच करनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।

JPSC Scam: ब्लैकलिस्टेड एजेंसी की जानकारी नहीं थी

टीडीपीएल के चयन पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए पूर्व चेयरमैन ने कहा कि आयोग हमेशा साफ-सुथरी एजेंसियों को ही काम देना चाहता है। उन्होंने दावा किया कि एजेंसी के चयन के समय उसके ब्लैकलिस्टेड होने की जानकारी आयोग को नहीं थी। यह प्रशासनिक चूक थी या एजेंसी बाद में ब्लैकलिस्ट हुई, इसका पता सीआईडी जांच से ही चल सकेगा।

उन्होंने छह महीने पहले मिली शिकायतों पर कार्रवाई नहीं करने के आरोपों को भी खारिज किया। उनके अनुसार आयोग के ईमेल पर प्रतिदिन कई शिकायतें आती थीं, जिन्हें वे संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के लिए अग्रेषित कर देते थे।

JPSC Scam: रिजल्ट पर हस्ताक्षर विवाद पर भी दिया जवाब

एल ख्यांगते ने पीटी और मुख्य परीक्षा के परिणामों पर आयोग के सदस्यों के हस्ताक्षर नहीं होने के विवाद पर भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि रूल्स ऑफ प्रोसीजर-2002 के अनुसार पीटी और मेन्स परीक्षा के परिणामों पर आयोग के सदस्यों के हस्ताक्षर अनिवार्य नहीं होते। केवल अंतिम परिणाम जारी करने से पहले तीन सदस्यीय समिति स्क्रूटनी करती है और अंत में चेयरमैन उसकी मंजूरी देते हैं।

उन्होंने कहा कि आयोग में सदस्यों के साथ हुई गोपनीय चर्चा के बाद सर्वसम्मति से यह प्रक्रिया अपनाई गई थी।

Highlights

Sudha Brand को Global पहचान दिलाने की तैयारी, बिहार में 1...

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नालंदा में सुधा की नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। सरकार ने 1 करोड़ लीटर प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन, सुधा को अंतरराष्ट्रीय...

Patna Joy Ride से बिहार में Aviation को नई उड़ान, पायलट...

बिहार में पटना जॉय राइड और हेली टूरिज्म योजना 2026 की शुरुआत से एविएशन सेक्टर को नई रफ्तार मिलेगी। फ्लाइंग इंस्टीट्यूट में युवाओं को...

Bihar State Games 2026: 5 सितंबर से खेलों का महाकुंभ, पटना...

बिहार राज्य खेल 2026 का आयोजन 5 से 12 सितंबर तक पटना और राजगीर में होगा। करीब 5 हजार खिलाड़ी 22 खेलों में हिस्सा...