Bihar Urban Projects AI Monitoring: बिहार में शहरी आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं को समय पर पूरा करने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर सरकार ने जोर दिया है। नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड यानी बुडको की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और बुडको के प्रबंध निदेशक अनिमेष कुमार पराशर समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में चल रही योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों और परियोजनाओं की निगरानी व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई।
समय और गुणवत्ता दोनों पर रहेगा फोकस
मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि शहरी परियोजनाओं का लक्ष्य केवल निर्माण कार्य पूरा करना नहीं होना चाहिए। निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने के साथ आधुनिक तकनीक का अधिकतम इस्तेमाल करने का निर्देश दिया। मंत्री ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने परियोजनाओं में ‘टाइम, क्वालिटी और फिनिशिंग’ को प्राथमिकता देने की बात कही। इसके साथ ही निर्माण स्थलों पर कंस्ट्रक्शन प्रोटोकॉल, ग्रीन नेट और बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लंबित योजनाओं के लिए बनेगा जिला-वार वर्क प्लान
समीक्षा बैठक में मंत्री ने उन जिलों की परियोजनाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा, जहां काम अभी लंबित है। उन्होंने जिला और परियोजना स्तर पर विस्तृत वर्क प्लान तैयार करने का निर्देश दिया। संबंधित एजेंसियों को काम पूरा करने की स्पष्ट कार्ययोजना प्रस्तुत करनी होगी। इसके बाद बुडको की टीम यह सुनिश्चित करेगी कि परियोजनाएं तय वर्क प्लान के अनुसार आगे बढ़ रही हैं या नहीं। मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने लंबित योजनाओं की जीएम और सीजीएम स्तर पर नियमित समीक्षा कर उन्हें जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
AI डैशबोर्ड से होगी परियोजनाओं की निगरानी
बुडको की परियोजनाओं की मॉनिटरिंग में तकनीक के इस्तेमाल पर भी विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम और ई-ऑफिस प्रणाली को प्रभावी तरीके से लागू करने का निर्देश दिया। उन्होंने एमआईएस और पोर्टल पर डेटा को लगातार अपडेट रखने के साथ AI आधारित डैशबोर्ड विकसित करने पर जोर दिया। इंजीनियरिंग रिपोर्ट, फाइल ट्रैकिंग और कॉन्ट्रैक्टर डेटाबेस को भी एकीकृत और तकनीक आधारित बनाने के निर्देश दिए गए। इस व्यवस्था का उद्देश्य परियोजनाओं की प्रगति की रियल-टाइम निगरानी और जरूरत के अनुसार तेजी से निर्णय लेने में मदद करना है।
अच्छे संवेदकों को प्रोत्साहन, लापरवाही पर कार्रवाई
मंत्री ने बेहतर गुणवत्ता और समय सीमा में काम पूरा करने वाले संवेदकों को प्रोत्साहित करने की बात कही। वहीं लगातार खराब प्रदर्शन करने या काम में लापरवाही बरतने वाले संवेदकों के खिलाफ नियमानुसार डिबार की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों और इंजीनियरों को भी परियोजनाओं की निगरानी में जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा। पाइपलाइन में चल रही योजनाओं को मौजूदा वित्तीय वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा टेंडर, कार्य आवंटन और अन्य प्रक्रियाओं को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने पर भी जोर दिया गया।
इंजीनियरों को आधुनिक तकनीक की ट्रेनिंग
नीतीश मिश्रा ने बुडको के इंजीनियरों और तकनीकी कर्मियों के लिए एक्सपोजर लर्निंग, प्रशिक्षण और साइट विजिट को बढ़ावा देने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से देश के अन्य हिस्सों में अपनाई जा रही आधुनिक निर्माण तकनीकों का अध्ययन करने और जरूरत के अनुसार उन्हें बिहार की परियोजनाओं में लागू करने को कहा। उन्होंने पर्यटन स्थलों से जुड़ी परियोजनाओं पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। परियोजनाओं की गुणवत्ता और प्रगति की जांच के लिए आवश्यकता के अनुसार जांच टीम गठित करने की बात कही गई। मंत्री ने राज्य के सभी 38 जिलों में बुडको के जिला कार्यालयों को मजबूत करने और नगर निगमों तथा नगर परिषदों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तकनीक, पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता को केंद्र में रखते हुए सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करना विभाग और बुडको की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।



















