India New Zealand Rugby Series: भारत-न्यूजीलैंड अंडर-20 रग्बी सीरीज की राजगीर में मेजबानी करेगा बिहार, 27 अक्टूबर को होंगे मुख्य मुकाबले

India New Zealand Rugby Series, पटना: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बिहार एक अंतरराष्ट्रीय रग्बी आयोजन की मेजबानी करने जा रहा है। ‘खेल के माध्यम से एकता के 100 वर्ष’ पहल के तहत 23 से 28 अक्टूबर तक राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भारत-न्यूजीलैंड अंडर-20 रग्बी सीरीज आयोजित की जाएगी। सीरीज के मुख्य मुकाबले 27 अक्टूबर को खेले जाएंगे। इस प्रतियोगिता में दोनों देशों की अंडर-20 पुरुष और महिला टीमें हिस्सा लेंगी। खेल प्रतिस्पर्धा के साथ इसका उद्देश्य युवा खिलाड़ियों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आपसी सहयोग और खेल भावना को बढ़ावा देना भी है।

पटना पहुंचीं भारत और न्यूजीलैंड की टीमें

सीरीज में भाग लेने के लिए भारत और न्यूजीलैंड की अंडर-20 पुरुष एवं महिला टीमें बिहार पहुंच चुकी हैं। गुरुवार को पटना हवाई अड्डे पर न्यूजीलैंड की टीमों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। आयोजन के दौरान दोनों देशों के खिलाड़ी संयुक्त प्रशिक्षण सत्रों में भी हिस्सा लेंगे। इन सत्रों के माध्यम से खिलाड़ियों को एक-दूसरे की खेल तकनीक, अनुभव और सांस्कृतिक परंपराओं को समझने का अवसर मिलेगा। इस आयोजन की एक खास बात यह है कि न्यूजीलैंड की अंडर-20 रग्बी टीमें पहली बार इस तरह की सीरीज के लिए भारत आई हैं। न्यूजीलैंड की पुरुष टीम ‘तामा तोआ’ और महिला टीम ‘हिने तोआ’ में विभिन्न क्षेत्रों से चुने गए कुल 24 युवा माओरी खिलाड़ी शामिल हैं।

भारतीय टीमों में बिहार के सात खिलाड़ियों को मौका

भारत की अंडर-20 पुरुष और महिला टीमों में बिहार के सात खिलाड़ियों का चयन राज्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पुरुष टीम में बजरंगी कुमार और रोहित कुमार को जगह मिली है। वहीं, महिला टीम में अल्पना कुमारी, आरती कुमारी, ब्यूटी कुमारी और सलोनी कुमारी शामिल हैं। सागर प्रकाश भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं। सागर प्रकाश, अल्पना कुमारी और आरती कुमारी वर्ष 2025 में बिहार में आयोजित एशिया रग्बी एमिरेट्स अंडर-20 सेवन्स चैंपियनशिप में भारतीय टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस सीरीज में खेलने से युवा खिलाड़ियों को अपना कौशल दिखाने और विदेशी खिलाड़ियों के अनुभव से सीखने का अवसर मिलेगा।

27 अक्टूबर को होंगे चार मुकाबले

राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 27 अक्टूबर को रग्बी सेवन्स के चार मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें भारत और न्यूजीलैंड की पुरुष टीमों तथा महिला टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा होगी। इसके अलावा दो मिक्स्ड मैच भी आयोजित किए जाएंगे। मिक्स्ड मुकाबलों में भारत और न्यूजीलैंड के खिलाड़ी मिलकर संयुक्त टीमें बनाएंगे। यह प्रारूप केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि खिलाड़ियों के बीच सहयोग, आपसी समझ और खेल भावना को भी प्रोत्साहित करेगा।

अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का केंद्र बन रहा राजगीर

राजगीर पिछले कुछ वर्षों में रग्बी प्रतियोगिताओं के आयोजन स्थल के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। यहां अगस्त 2025 में एशिया रग्बी एमिरेट्स अंडर-20 चैंपियनशिप और अप्रैल 2026 में सीनियर नेशनल रग्बी चैंपियनशिप आयोजित की गई थी। भारत-न्यूजीलैंड सीरीज की मेजबानी से बिहार में अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की संभावनाओं को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक-सह-सीईओ रवींद्रण शंकरण ने कहा कि इस सीरीज की मेजबानी बिहार और राजगीर के लिए गर्व का अवसर है। उनके अनुसार, इससे अंतरराष्ट्रीय खेल संबंधों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को मजबूती मिलेगी तथा राज्य के युवाओं को रग्बी अपनाने की प्रेरणा मिलेगी। इंडियन रग्बी फुटबॉल यूनियन के अध्यक्ष राहुल बोस ने भारत-न्यूजीलैंड के खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने को ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड की टीमों के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेलने से भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय तकनीक और खेल के बेहतर तौर-तरीके सीखने का मौका मिलेगा। न्यूजीलैंड रग्बी दल की प्रमुख मनु अल्बर्ट ने भी खिलाड़ियों और कोचों के बीच अनुभव साझा करने तथा रग्बी सेवन्स के विकास में सहयोग को लेकर उत्साह जताया। मई 2026 में भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में न्यूजीलैंड रग्बी के कोचों के सहयोग से 35 भारतीय कोचों के लिए प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की गई थीं। राजगीर की यह सीरीज दोनों देशों के बीच जारी खेल सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में एक और कदम है।

भारतीय अंडर-20 रग्बी टीमों में शामिल खिलाड़ी

पुरुष टीम: अजीत नाग, अमन, अरुण प्रजापति, बजरंगी कुमार, भरत किसान, विद्याधर माझी, चरण हेम्ब्रम, नमन यादव, प्रणव गावित, पुष्पेंद्र, राहुल माझी, राजन रावत, रोहित कुमार, सागर प्रकाश, शिवम और सुभाष हांसदा।

महिला टीम: अक्षया एन.एस., अल्पना कुमारी, अनीता मुर्मू, अनुष्का सकांल, आरती कुमारी, ब्यूटी कुमारी, दीपाली ताथे, खुशी देवी, कीर्ति जाधव, अदिति लोंढे, मामाली सिंह, रायमानी मुर्मू, सलोनी कुमारी, समृद्धि कदम, सुमित्रा मुर्मू और तनुश्री भोसले।

यह भी पढ़ें: Bihar Agrivoltaics Solar Energy: बिहार में खेती के साथ सौर ऊर्जा उत्पादन पर जोर, एग्रीवोल्टाइक्स से बढ़ेगी किसानों की आय

Bihar School Building Construction: अपने प्रखंड में मिलेगी उच्च शिक्षा की...

Bihar School Building Construction, पटना: बिहार में स्कूलों और उच्च शिक्षा संस्थानों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में सरकार ने निर्माण कार्यों...

Jio IPO दूसरे दिन 5.57 गुना सब्सक्राइब, 75 लाख से ज्यादा...

Jio IPO Subscription: जियो प्लेटफॉर्म्स के ₹30,213 करोड़ के आईपीओ को दूसरे दिन भी निवेशकों की ओर से मजबूत प्रतिक्रिया मिली। गुरुवार शाम 7...

Bihar Government Public Relations Review: बिहार सरकार की योजनाओं का होगा...

Bihar Government Public Relations Review, पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सूचना एवं जन-संपर्क विभाग को सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों...