Bihar Teachers Salary News, पटना: बिहार के शिक्षकों और विद्यालय कर्मियों के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार ने दीपावली और छठ महापर्व से पहले वेतन भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। वित्त विभाग के प्रधान सचिव ने शुक्रवार को इस संबंध में शिक्षा समेत सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, विभागाध्यक्ष, प्रमंडलीय आयुक्त और जिला पदाधिकारियों को पत्र जारी किया है। निर्देश में स्पष्ट कहा गया है कि त्योहार से पहले कर्मचारियों का वेतन भुगतान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी कार्यालय के स्तर पर भुगतान में देरी होती है तो इसकी जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने छठ से पहले वेतन भुगतान का दिया था निर्देश
दो दिन पहले आयोजित समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने छठ महापर्व से पहले शिक्षा विभाग के विभिन्न श्रेणियों के कर्मियों का लंबित वेतन भुगतान सुनिश्चित करने को कहा था। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया था कि वेतन भुगतान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। मंत्री ने विशेष रूप से लिपिक, परिचारी, शिक्षा सेवक, तालीमी मरकज, शारीरिक शिक्षक, संस्कृत विद्यालयों और मदरसों के शिक्षकों के लंबित वेतन का भुगतान छठ से पहले करने पर जोर दिया था।
वित्त विभाग ने सभी विभागों को जारी किया पत्र
शिक्षा मंत्री के निर्देश के बाद वित्त विभाग ने भी सभी विभागों को वेतन भुगतान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। वित्त विभाग के प्रधान सचिव की ओर से जारी पत्र सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रमंडलीय आयुक्तों और जिला पदाधिकारियों को भेजा गया है। इसमें कहा गया है कि विभागीय और अधीनस्थ कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन भुगतान की प्रक्रिया समय पर पूरी की जाए, ताकि त्योहार के दौरान उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
वेतन और भत्तों की विसंगतियों की जांच के निर्देश
वित्त विभाग ने गृह और शिक्षा विभाग के अंतर्गत पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के वेतन और भत्तों में व्याप्त विसंगतियों की जांच भी अविलंब पूरी करने को कहा है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वेतन और भत्तों से संबंधित मामलों को लंबित नहीं रखा जाए। जांच प्रक्रिया पूरी कर त्योहार से पहले संबंधित कर्मचारियों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
वेतन भुगतान में देरी हुई तो होगी जांच
वित्त विभाग ने अपने निर्देश में यह भी स्पष्ट कर दिया है कि यदि किसी कार्यालय के स्तर पर दीपावली और छठ से पहले वेतन भुगतान नहीं होता है तो देरी के कारणों की जांच कराई जाएगी। इसमें यह पता लगाया जाएगा कि भुगतान में देरी किस स्तर पर और किन कारणों से हुई। इसके लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सभी कार्यालयों में निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा
वित्त विभाग ने सभी विभागों और उनके अधीनस्थ कार्यालयों को जारी निर्देशों का सख्ती से पालन कराने को कहा है। अब संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी कि वे वेतन भुगतान की प्रक्रिया समय पर पूरी कराएं। सरकार के इस निर्देश से उन शिक्षकों और विद्यालय कर्मियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिनका वेतन लंबित है और जो त्योहार से पहले भुगतान का इंतजार कर रहे हैं।
Highlights


















