Advertisement
Advertisement

Ranchi NIA Investigation: RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले में विदेशी हैंडलर का कनेक्शन, ऑनलाइन बेटिंग से फंडिंग की जांच

Ranchi में RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले की NIA जांच में विदेशी हैंडलर और ऑनलाइन बेटिंग से फंडिंग के सुराग मिले हैं।

Google पर 22Scope चुनें

रांची के RSS प्रदेश कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले की NIA जांच में विदेशी हैंडलर, ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग ऐप से संदिग्ध फंडिंग के सुराग मिले हैं। आरोपियों की हिरासत 180 दिन हुई।


Ranchi NIA Investigation रांची: राजधानी Ranchi के चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के झारखंड प्रदेश कार्यालय पर पेट्रोल बम से हुए हमले की जांच में कई अहम पहलू सामने आये हैं। NIA विदेशी हैंडलरों के संपर्क, ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग ऐप के माध्यम से संदिग्ध फंडिंग तथा आरोपियों के डिजिटल नेटवर्क की जांच कर रही है। इसके अलावा आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी फुटेज का गेट एनालिसिस और डीएनए परीक्षण कराया जा रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची स्थित एनआईए की विशेष अदालत ने तीनों आरोपियों अमन अंसारी उर्फ गोलू उर्फ रॉकी, सायम सुजान और सैफ अंसारी की न्यायिक हिरासत और जांच की अवधि 150 दिनों से बढ़ाकर 180 दिन करने की अनुमति दे दी है। जांच एजेंसी अब बैंक खातों, मोबाइल डेटा, सोशल मीडिया चैट और विदेशी संपर्कों से जुड़े साक्ष्यों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Ranchi NIA Investigation: विदेशी हैंडलर और ऑनलाइन बेटिंग ऐप से फंडिंग के सुराग

एनआईए की जांच में विदेश में मौजूद कथित हैंडलरों और भारत में सक्रिय बिचौलियों के संपर्कों के संकेत मिले हैं। एजेंसी साजिश, लॉजिस्टिक्स और फंडिंग के नेटवर्क का पता लगाने के लिए टेलीकॉम, बैंकिंग और दूसरी जांच एजेंसियों के रिकॉर्ड खंगाल रही है।

जांच में यूपीआई, क्यूआर कोड और एनपीसीआई से जुड़े बैंक खातों के माध्यम से ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग प्लेटफॉर्म पर हुए संदिग्ध लेन-देन की पड़ताल की जा रही है।

इस क्रम में संदीप कुमार और आरोपी अमन अंसारी की मां सफराना खातून के बैंक खातों में संदिग्ध ट्रांजेक्शन चिह्नित किये गये हैं। प्रारंभिक जांच के बाद चार संबंधित बैंक खातों को डेबिट फ्रीज किया गया है। संबंधित बैंकों से प्रमाणित केवाईसी दस्तावेज और लेन-देन का पूरा रिकॉर्ड मांगा गया है।

Ranchi NIA Investigation: अमन अंसारी की मां का मोबाइल और दो सिम कार्ड जब्त

जांच के दौरान एनआईए ने अमन अंसारी की मां सफराना खातून का मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड भी जब्त किये हैं। बीएनएसएस की धारा 94 के तहत जारी आदेश के अनुपालन में उन्होंने मोबाइल हैंडसेट और दोनों सिम कार्ड जांच एजेंसी को सौंपे थे।

अदालत के छह अगस्त 2026 के आदेश के बाद इन उपकरणों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था। इसकी रिपोर्ट एक सितंबर 2026 को प्राप्त हुई।

इसके अलावा आरोपियों के मोबाइल फोन, सिम कार्ड, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क और सीसीटीवी फुटेज को भी छह अगस्त को केंद्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला (CFSL) भेजा गया था। इसकी रिपोर्ट भी एक सितंबर को मिली। हालांकि, डिजिटल डेटा की मात्रा अधिक होने के कारण व्हाट्सएप चैट, सोशल मीडिया गतिविधियों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल रिकॉर्ड (IPDR) और लोकेशन डेटा का विश्लेषण जारी है।

Ranchi NIA Investigation: CCTV फुटेज से आरोपियों की चाल का होगा मिलान

एनआईए आरोपियों की पहचान के लिए वैज्ञानिक तरीकों का सहारा ले रही है। सीसीटीवी फुटेज में कैद संदिग्धों की चाल का मिलान आरोपी अमन अंसारी और सैफ अंसारी की चाल से कराया जा रहा है। इसे गेट एनालिसिस कहा जाता है।

28 अक्टूबर 2026 को अदालत से आदेश मिलने के बाद इस जांच के लिए सीएफएसएल नई दिल्ली सहित अन्य प्रयोगशालाओं से पत्राचार किया गया है। एजेंसी तकनीकी सुविधा और परीक्षण की प्रक्रिया को लेकर जानकारी जुटा रही है।

इसके साथ ही तीनों आरोपियों के डीएनए सैंपल लेने का भी निर्देश दिया गया है। अदालत ने 28 अक्टूबर को होटवार जेल अधीक्षक और चिकित्सा पदाधिकारी को पंजीकृत चिकित्सक के माध्यम से डीएनए सैंपलिंग कराने का आदेश दिया था। जब्त प्रदर्शों से डीएनए का मिलान कराने के लिए सीएफएसएल से संपर्क किया जा रहा है।

Ranchi NIA Investigation: संरक्षित गवाहों की पहचान परेड और न्यायिक बयान की प्रक्रिया जारी

मामले में संरक्षित गवाहों की पहचान परेड यानी टेस्ट आइडेंटिफिकेशन परेड (TIP) भी महत्वपूर्ण जांच का हिस्सा है। अदालत ने 29 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी कर होटवार जेल में तीनों आरोपियों की पहचान परेड कराने के लिए चार नवंबर की तारीख निर्धारित की थी। इसके लिए न्यायिक दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति का निर्देश भी दिया गया था।

इस प्रक्रिया से संबंधित न्यायिक रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पूरी होनी बाकी है।

इसके अलावा होटल में ठहरने, आरोपियों की आवाजाही और डिजिटल पहचान से जुड़े गवाहों के बयान बीएनएसएस की धारा 180 के तहत दर्ज किये गये हैं। अब इन गवाहों की पहचान गोपनीय रखते हुए मजिस्ट्रेट के समक्ष धारा 183 के तहत न्यायिक बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है।

Ranchi NIA Investigation: 16 और 17 जून को RSS कार्यालय पर हुआ था पेट्रोल बम हमला

रांची के निवारणपुर स्थित आरएसएस के झारखंड प्रदेश कार्यालय पर 16 और 17 जून 2026 के दौरान पेट्रोल बम फेंककर हमला किया गया था। शुरुआती जांच रांची पुलिस और एटीएस ने की थी। इसके बाद 17 और 18 जून को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

गिरफ्तारी के दौरान भागने की कोशिश में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हुए सैफ अंसारी को रिम्स में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद दो जुलाई को उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बाद में जांच एनआईए को सौंप दी गयी। अब एजेंसी हमले के पीछे की साजिश, फंडिंग, विदेशी संपर्क और आरोपियों के संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है।

Ranchi NIA Investigation: झारखंड एफएसएल की रिपोर्ट का इंतजार

एनआईए को घटनास्थल से बरामद भौतिक साक्ष्यों की वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट का भी इंतजार है। इसके लिए राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला निदेशालय, रांची से लगातार संपर्क किया जा रहा है। हालांकि, रिपोर्ट अभी तक प्राप्त नहीं हुई है।

जांच एजेंसी डिजिटल साक्ष्य, बैंकिंग रिकॉर्ड, डीएनए परीक्षण, गेट एनालिसिस और गवाहों के बयान के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

 

 

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Ranchi के RSS कार्यालय पर हमले की जांच में क्या नए सुराग मिले हैं?

NIA की जांच में विदेशी हैंडलर, ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग ऐप से संदिग्ध फंडिंग के सुराग मिले हैं। एजेंसी बैंक खातों, मोबाइल डेटा और सोशल मीडिया चैट की जांच कर रही है।

आरोपियों की हिरासत की अवधि कितनी बढ़ाई गई है?

NIA की विशेष अदालत ने तीनों आरोपियों की हिरासत अवधि 150 दिनों से बढ़ाकर 180 दिन कर दी है।

जांच में किन बैंक खातों में संदिग्ध लेन-देन चिह्नित किए गए हैं?

संदीप कुमार और एक आरोपी की मां के बैंक खातों में संदिग्ध ट्रांजेक्शन चिह्नित किए गए हैं, और चार संबंधित बैंक खातों को डेबिट फ्रीज किया गया है।

NIA पहचान की पुष्टि के लिए कौन सी वैज्ञानिक विधियां अपना रहा है?

एजेंसी CCTV फुटेज से गेट एनालिसिस, DNA परीक्षण और संरक्षित गवाहों की पहचान परेड का उपयोग कर रही है।

Commercial Advertisment

Chhath Puja 2026: पटना के छठ घाटों पर भीड़ हटने तक...

पटना में छठ पूजा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गयी है। घाटों पर भीड़ हटने तक मजिस्ट्रेट और पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। 16 नवंबर...

Jharkhand SIR: 18 साल के युवाओं को वोटर लिस्ट में नाम...

Jharkhand SIR के तहत 18 साल की उम्र पूरी कर चुके युवा वोटर लिस्ट में नाम जुड़वा सकते हैं। निर्वाचन आयोग ने WhatsApp नंबर...

Chhath Special Train: मौर्य एक्सप्रेस में पैर रखने की जगह नहीं,...

 छठ महापर्व पर बिहार जानेवाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मौर्य एक्सप्रेस की जनरल बोगी में जगह नहीं, महिलाएं और...