उत्तर प्रदेश के रामपुर में मोहम्मद शरीफ खां की हत्या के मामले में झारखंड के राहुल सिंह गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पुलिस जांच में जुटी है।
Jharkhand Crime रांची: उत्तर प्रदेश के रामपुर में मोहम्मद शरीफ खां की सनसनीखेज हत्या के मामले में Jharkhand के कुख्यात राहुल सिंह गैंग का नाम सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट के जरिए कथित तौर पर गैंग ने हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में सीआरपीएफ कैंप पर हुए हमले में मारे गये सात जवानों की शहादत का बदला लेने की बात कही गयी है। हालांकि, इस पोस्ट और हत्या में गैंग की वास्तविक भूमिका की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद रामपुर पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर रही है। रामपुर के एसपी अनिल सिंह सिसोदिया ने बताया कि सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होने की जानकारी मिली है। पोस्ट करने वाला झारखंड का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द मामले का खुलासा किया जायेगा।
Jharkhand Crime: सोशल मीडिया पोस्ट में सात जवानों की शहादत का बदला लेने का दावा
वायरल सोशल मीडिया पोस्ट में कथित तौर पर राहुल सिंह गैंग ने दावा किया है कि सीआरपीएफ कैंप पर हुए हमले में शहीद सात जवानों की मौत का बदला लिया गया है। पोस्ट में कहा गया है कि अदालत से जवानों को इंसाफ नहीं मिला, लेकिन गैंग ने अपने तरीके से इंसाफ कर दिया है।
इसके साथ ही पोस्ट के माध्यम से हमले में शामिल अन्य लोगों को भी चेतावनी दी गयी है। हालांकि, सोशल मीडिया पर किये गये इस दावे की सत्यता की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पोस्ट की प्रामाणिकता, उसे अपलोड करने वाले व्यक्ति और हत्या से उसके संभावित संबंधों की जांच कर रही है।
Crime:17 साल जेल में रहने के बाद पिछले साल रिहा हुआ था शरीफ
मोहम्मद शरीफ खां पर उत्तर प्रदेश के रामपुर में सीआरपीएफ कैंप पर हुए हमले में शामिल होने का आरोप लगा था। इस मामले में रामपुर की सेशन कोर्ट ने उसे फांसी की सजा सुनायी थी। बाद में हाईकोर्ट ने उसे आरोप से बरी कर दिया था। हालांकि, सेशन कोर्ट की ओर से सुनायी गयी 10 साल की सजा को हाईकोर्ट ने माफ नहीं किया था।
शरीफ करीब 17 साल जेल में रहने के बाद पिछले साल सेंट्रल जेल से रिहा हुआ था। उसकी रिहाई के बाद अब हत्या की घटना ने मामले को फिर चर्चा में ला दिया है। वायरल पोस्ट में भी इसी पुराने सीआरपीएफ कैंप हमले का जिक्र करते हुए हत्या को बदले की कार्रवाई बताया गया है।
Crime:बाइक सवार बदमाशों ने मारी थीं आठ गोलियां
उत्तर प्रदेश के रामपुर में मंगलवार शाम मोहम्मद शरीफ खां की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। बाइक सवार हमलावरों ने उसे निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ आठ गोलियां मारी थीं। पोस्टमार्टम के दौरान उसके शरीर पर गोलियों के आठ निशान मिले। शरीर से 32 बोर की गोली भी बरामद हुई है।
पुलिस की शुरुआती जांच में हमला पूर्व नियोजित होने की आशंका जतायी जा रही है। हमलावरों ने बेहद करीब से गोलीबारी की थी। पुलिस संभावित रंजिश, आपसी विवाद और अन्य कारणों को भी जांच के दायरे में रखकर आगे बढ़ रही है।
Crime:लातेहार के चंदवा का रहने वाला बताया जा रहा गैंग सरगना राहुल सिंह
राहुल सिंह गैंग झारखंड के लातेहार और आसपास के जिलों में सक्रिय बताया जाता है। गैंग का सरगना राहुल सिंह लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के चेटर गांव का रहने वाला है। वायरल सोशल मीडिया पोस्ट के बाद एक बार फिर इस गैंग का नाम उत्तर प्रदेश की आपराधिक घटना से जुड़कर सामने आया है।
हालांकि, हत्या में गैंग की संलिप्तता अभी जांच का विषय है। रामपुर पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट के साथ-साथ हमलावरों की पहचान, हत्या के पीछे की वजह और संभावित साजिश की भी पड़ताल कर रही है।
▶ 22Scope के YouTube चैनल पर देखें ताज़ा वीडियो खबरें
Highlights


















