देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु चार महीने बाद योगनिद्रा से जागेंगे। तुलसी-शालिग्राम विवाह के साथ चातुर्मास समाप्त होगा। नवंबर में विवाह के छह शुभ मुहूर्त भी हैं।
Dev Uthani Ekadashi 2026 रांची: प्रबोधिनी यानी Dev Uthani Ekadashi शुक्रवार को मनायी जायेगी। इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा के बाद जागेंगे। इसी के साथ चातुर्मास का समापन हो जायेगा और हिंदू धर्म में विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होगी। देवउठनी एकादशी के अवसर पर घरों से लेकर मंदिरों तक विशेष पूजा-अर्चना की तैयारी की गयी है। श्रद्धालु भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करेंगे। शाम को गन्ने का मंडप सजाकर तुलसी जी और शालिग्राम भगवान का विवाह कराया जायेगा।
Dev Uthani Ekadashi 2026:चार महीने बाद योगनिद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान विष्णु आषाढ़ मास की देवशयनी एकादशी को क्षीरसागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं और कार्तिक मास की प्रबोधिनी एकादशी को जागते हैं। इस दिन उनके जागने की खुशी में उत्सव मनाया जाता है।
इस अवसर पर घरों और मंदिरों को विशेष अल्पना और दीपों से सजाया जाता है। श्रद्धालु भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी के चरण चिह्न सहित विभिन्न शुभ आकृतियां बनाते हैं।
पंडित कौशल कुमार मिश्र के अनुसार, इस दिन रात 2.18 बजे तक एकादशी तिथि रहेगी। गृहस्थ और वैष्णव दोनों की एकादशी इसी दिन है। 21 नवंबर को सूर्योदय के बाद व्रत का पारण किया जायेगा। देवउठनी एकादशी के साथ ही चातुर्मास व्रत का समापन होगा।
Dev Uthani Ekadashi 2026:गन्ने के मंडप में होगा तुलसी-शालिग्राम विवाह
देवउठनी एकादशी पर तुलसी और शालिग्राम भगवान के विवाह का विशेष महत्व है। इसके लिए शाम को तुलसी जी का श्रृंगार किया जाता है और गन्ने से मंडप सजाया जाता है। इसके बाद शालिग्राम भगवान के साथ तुलसी विवाह की रस्म पूरी की जाती है।
इस दिन भगवान विष्णु को पीले वस्त्र, फल, गन्ना, सिंघाड़ा, पीले फूल और तुलसी दल अर्पित करने की परंपरा है। शंख, घंटा और थाली बजाकर भगवान को जगाया जाता है। इस दौरान श्रद्धालु ‘उठो देवा, बैठो देवा, अंगुरिया चटकाओ देवा’ बोलकर भगवान विष्णु को जगाते हैं।
इसके बाद ॐ नमो भगवते वासुदेवाय नमः मंत्र का जाप किया जाता है। शाम को भगवान की आरती कर प्रसाद श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया जाता है।
Dev Uthani Ekadashi 2026:व्रत और पूजा से पुण्य तथा मोक्ष की प्राप्ति की मान्यता
पद्म पुराण और स्कंद पुराण के अनुसार, देवउठनी एकादशी पर व्रत और भगवान विष्णु की पूजा करने से हजार अश्वमेध यज्ञ और सौ राजसूय यज्ञ के समान पुण्य प्राप्त होता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन व्रत करने से जन्म-जन्मांतर के पाप नष्ट होते हैं और मोक्ष की प्राप्ति होती है।
पंडित श्यामानंद पांडेय के अनुसार, भगवान विष्णु के चार महीने तक योगनिद्रा में रहने के पीछे माता लक्ष्मी से जुड़ी एक कथा प्रचलित है।
कथा के अनुसार, एक बार माता लक्ष्मी ने भगवान विष्णु से कहा कि आप दिन-रात जागते रहते हैं और जब सोते हैं तो लाखों-करोड़ों वर्षों तक सो जाते हैं। इस दौरान सृष्टि के संचालन में भी व्यवधान आता है। इसलिए आपको नियमित रूप से विश्राम करना चाहिए, ताकि उन्हें भी कुछ समय आराम करने का अवसर मिल सके।
माता लक्ष्मी की बात मानकर भगवान विष्णु ने हर वर्ष वर्षा ऋतु के दौरान चार महीने योगनिद्रा में रहने का संकल्प लिया। धार्मिक मान्यता है कि भगवान की यह अल्पनिद्रा भक्तों के लिए मंगलकारी होती है।
Dev Uthani Ekadashi 2026:नवंबर में विवाह के छह शुभ मुहूर्त
देवउठनी एकादशी के साथ ही विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। नवंबर महीने में विवाह के लिए 20, 21, 24, 25, 26 और 30 तारीख को शुभ मुहूर्त बताये गये हैं। इन तिथियों पर शादी-विवाह की तैयारी कर रहे परिवारों में उत्साह है।
▶ 22Scope के YouTube चैनल पर देखें ताज़ा वीडियो खबरें
Highlights


















