देहरादून : अंकिता हत्याकांड में सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है.
सरकार ने आधी रात को आरोपी के रिजॉर्ट पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया.
उत्तराखंड में रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी की कथित तौर पर हत्या के मामले में सीएम पुष्कर सिंह धामी के
आदेश के बाद प्रशासन ने अंकिता हत्याकांड के एक आरोपी पुलकित आर्य के रिजॉर्ट पर बुलडोजर चला दिया है.
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सीएम के विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार ने बताया कि
सीएम के आदेश पर पुलकित आर्य के ऋषिकेश के वनतारा रिजॉर्ट पर बुलडोजर चलाया गया है.
उत्तराखंड पुलिस ने फेसबुक पर जानकारी दी कि अंकिता भंडारी केस में आरोपियों को
गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं सीएम के आदेश से आरोपियों की संपत्ति पर भी कार्रवाई की जा रही है.
इसके अलावा लोगों से भी अपील की गई है कि पुलिस का साथ दें ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके.
अवैध रिजॉर्ट पर होगी कार्रवाई
आंकिता हत्याकांड के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के सभी रिजॉर्ट की
जांच के लिए जिलाधिकारियों को आदेश दे दिए हैं.
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जो रिजॉर्ट अवैध बने हैं या अवैधानिक रूप से संचालित हैं,
उनके खिलाफ तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए.
इसके अलावा सीएम ने प्रदेश भर के होटल, रिजॉर्ट, गेस्ट हाउस के कर्मचारियों से उनकी स्थिति के बारे में
जानकारी देने को कहा है और उनसे संबंधित शिकायतों को गम्भीरता से लेने के आदेश दिए हैं.
अंकिता हत्याकांड: पूर्व राज्यमंत्री का बेटा है मुख्य आरोपी पुलकित
अंकिता की हत्या के माले में पुलिस ने रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य, मैनेजर सौरभ भास्कर और अंकित उर्फ पुलकित गुप्ता को गिरफ्तार किया है. सभी के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 201, 120-ठ के तहत केस दर्ज किया गया है. हत्या का मुख्य आरोपी पुलकित आर्य पूर्व राज्य मंत्री विनोद आर्य का बेटा है.
बीजेपी ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य हैं विनोद आर्य
मौजूदा समय में विनोद आर्य बीजेपी ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य हैं और यूपी के सह प्रभारी भी हैं. वो पूर्व में राज्य मंत्री भी रह चुके हैं. उनके दूसरे बेटे अंकित को राज्य मंत्री का दर्जा मिला है. वह इस वक्त राज्य पिछड़ा आयोग में उपाध्यक्ष हैं. विनोद आर्य ने बेटे पर लगे आरोपों को झूठ बताया है.
अंकिता हत्याकांड: गुस्साए लोगों ने आरोपियों को जमकर पीटा
अंकिता भंडारी की मौत को लेकर स्थानीय लोगों में बेहद गुस्सा है. सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस से जानकारी जुटाने के बाद जब पुलिस तीनों आरोपियों को पकड़कर जीप से थाने ले जा रही थी तभी भीड़ ने जीप को रोक लिया. भीड़ ने आरोपियों को जमकर पीटा. उनके कपड़े तक फाड़ दिए. वहीं लोगों ने पुलकित के रिजॉर्ट में भी जमकर तोड़फोड़ की है.


















