दिल्लीः देश की राजधानी दिल्ली को दहलाने की कोशिश को नाकाम करते हुए जांच एजेंसियों ने 6 आतंकियों को गिरफ्तार किया है. पाकिस्तान में प्रशिक्षण लेकर 2 पाक नागरिक भारत में इस आतंकी मॉड्यूल का संचालन कर रहे थे. उनके लिए यहां 4 लोग काम करते थे. जांच एजेंसियों ने पाकिस्तान द्वारा पोषित एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है. इस मामले में जांच एजेंसियों ने 6 लोगों को गिरफ़्तार किया है.
2 लोगों ने ली थी पाकिस्तान में ट्रेनिंग
गिरफ्तार किये गए संदिग्ध भारत में आतंकी मॉड्यूल को ऑपरेट कर रहे थे. इन सभी से लगातार पूछताछ की जा रही है. जानकारी के मुताबिक इस पाकिस्तानी आतंकी मॉड्यूल के लिए काम करने वाले 6 लोगों में से दो ने पाकिस्तान में ट्रेनिंग हासिल की थी. इस आतंकी मॉड्यूल का खुलासा करने के लिए एजेंसी ने उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली में छापेमारी की और कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया.
नवरात्र पर दहशत पैदा करने की थी कोशिश
जांच एजेंसी का दावा है कि पकड़े गए इन संदिग्ध आतंकियों के पास से बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद हुए हैं. पाक आधारित आतंकी मॉड्यूल के सदस्य पाकिस्तानियों के इशारे पर काम कर रहे थे. उनका मकसद नवरात्र और अन्य त्यौहारों पर आतंकी वारदात करना था. इनके पास आईईडी भी बरामद हुए हैं. पकड़े गए आतंकियों की उम्र 22 से 43 साल तक बताई जा रही है. दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के स्पेशल सीपी ने बताया कि इस आतंकी मॉड्यूल का कनेक्शन डी कंपनी से है. यह दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल का मल्टी स्टेट ऑपरेशन था.
Highlights







