रांची: डोरंडा थाना क्षेत्र के न्यू गांधी नगर, हिनू में सोमवार शाम दर्दनाक हादसा हुआ। घर के पास खेल रहे चार साल के डुगू की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना शाम करीब 6.05 बजे की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डुगू अपने घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इस दौरान 25 फीट गहरे कुएं में अचानक गिर गया, जिसका मुंडेर नहीं था। साथी बच्चों ने तुरंत परिजनों को सूचित किया।
घटना की सूचना 6.10 बजे डोरंडा पुलिस को दी गई, जिसने तुरंत एनडीआरएफ की टीम को बुलाया। टीम 6.25 बजे मौके पर पहुंची और 10 मिनट के भीतर बच्चे को बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बच्चे को तुरंत पारस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। वे इलाके में खुले कुओं को ढंकने और सुरक्षा इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं।
Highlights


















