रांची: राजधानी रांची समेत झारखंड के कई जिलों में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान कर रखा था, लेकिन दोपहर बाद आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हुई इस बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही रांची समेत झारखंड के कई जिलों में बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की थी। विभाग के मुताबिक, चतरा, धनबाद, हजारीबाग, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, रामगढ़ और रांची में मेघ गर्जन और बिजली के साथ बारिश की संभावना पहले ही जताई गई थी। वहीं गुमला, खूंटी और सरायकेला-खरसावां में भी कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई।
झारखंड में 17 जून को मॉनसून की पहली बारिश ने ही अपना प्रभाव दिखाया था। कई जगहों पर घरों में पानी भर गया था, सड़कें तालाब में तब्दील हो गई थीं और नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा था। इसके बाद शुक्रवार और शनिवार को थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन रविवार से फिर मौसम ने रफ्तार पकड़ ली है।