झारखंड कांग्रेस में घमासान के बीच सीएम चंपाई सोरेन पहुंचे दिल्ली, मल्लिकार्जुन खड़गे से करेंगे मुलाकात

सीएम चंपाई सोरेन दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष से करेंगे मुलाकात

रांची. झारखंड में कांग्रेस विधायकों की नाराजगी के बीच मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन दिल्ली पहुंच गये हैं। वे वहां कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मिलेंगे। मिली जानकारी के अनुसार वे कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात कर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक हालत पर बातचीत करेंगे।

बता दें कि झारखंड में चंपाई मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद कांग्रेस में घमासान मचा हुआ है। कांग्रेस के कई विधायक नाराज हैं। इन नाराज विधायकों को मनाने मंत्री बसंत सोरेन पहुंचे, लेकिन ये विधायक नहीं माने। इसके बाद कांग्रेस के नाराज दस विधायक आलाकमान से मिलने के लिए रांची से दिल्ली रवाना हो गये हैं।

वहीं कांग्रेस के नाराज विधायकों से मिलने के लिए आज चंपाई सरकार में मंत्री बसंत सोरेन पहुंचे। इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री बसंत सोरेन ने कहा कि हम एक परिवार है। सभी विधायकों का पक्ष सुना गया है। उनकी समस्या दूर कर ली गयी है। सभी विधायकों का दिल्ली जाना पहले से ही निर्धारित था। वह दिल्ली जा रहे हैं।

Share with family and friends: