बेतिया: बलथर रोड स्थित खोड़ी गांव में महावीर पेट्रोल पंप पर उत्पाती युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। पेट्रोल पंप पर करीब आधे घंटे तक हंगामा होता रहा और इस बीच पंप कर्मी के साथ जमकर मारपीट भी की गई। इस बीच पेट्रोल पंप को तेल छिड़क कर आग लगाने का भी प्रयास किया गया। पेट्रोल पंप पर असामाजिक तत्वों द्वारा पंपकर्मी के साथ मारपीट का वीडियो वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। जिसके आधार पर पुलिस कार्रवाई में जुट गई हैं।
बताया जा रहा हैं कि पेट्रोल पंप के बगल वाले गांव नरकटिया के युवक ने 250 रुपये का तेल भरवाया और फिर पैसा देने में आनाकानी करने लगा और जब कर्मी द्वारा पैसे की मांग की गई तो युवक ने अपने अन्य साथियों को बुलाकर दो कर्मीयों की पिटाई कर दी। हंगामे के बीच ही एक युवक ने तेल छिड़क दिया। उनकी मंशा आग लगाने की थी, लेकिन पेट्रोल पंप पर मौजूद अन्य लोगों के विरोध पर सभी भाग खड़े हुए।
घटना की सूचना देने के काफी देर बाद शिकारपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में रंगदारी सहित आग लगाने के प्रयास व मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई हैं। दिनदहाड़े घटी इस घटना के बाद से पम्पकर्मी दहशत में हैं।


















