जनार्दन सिंह की रिपोर्ट
रांची/ बरहेट : CM हेमंत को चुनौती देने वाले भाजपा के गमालियल हेम्ब्रम के लिए नई नहीं है बरहेट की सियासी पिच। झारखंड की सबसे हॉट सीट बरहेट पर सीएम हेमंत सोरेन के भाजपा की ओर ताल ठोंकने के लिए उतर रहे गमालियल हेम्ब्रम के लिए राज्य की सियासत में यह कोई नई पिच नहीं है।
वह बरहेट की सियासी पिच पर पहले भी चुनावी दमखम दिखाने को उतर चुके हैं। लेकिन इससे पहले वह भाजपा के साथ नहीं थे और ना ही गठबंधन में।
भाजपा की नई लिस्ट में गमालियल हेम्ब्रम के नाम ने सबको चौंकाया
झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर जारी नई सूची कइयों के लिए कुछ चौंकाने वाली रही। इस लिस्ट में दो उम्मीदवारों के नाम हैं। इसमें भाजपा ने जिन दो सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है, उनमें से एक सीट बरहेट झारखंड की सबसे हॉट सीट है।
भाजपा ने इसी बरहेट से गमालियल हेम्ब्रम को उम्मीदवार बनाया है जबकि टुंडी विधानसभा सीट से विकास महतो को टिकट दिया है। हो रहे झारखंड विधानसभा चुनाव में सबकी निगाहें बरहेट सीट पर हैं। वजह यह है कि यहां से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद चुनाव लड़ रहे हैं।
भाजपा की ओर से जारी नई सूची के बाद झारखंड के सियासी हलके में जारी चर्चा में हेमंत सोरेन के मुकाबले गमालियल हेम्ब्रम कम सियासी अनुभवी आंका जा रहा है लेकिन जीत-हार को लेकर कोई भी अभी से किसी प्रकार का दावा नहीं करना चाह रहा। उसके पीछे भी कई सियासी वजहें गिनाई जा रही हैं।

गमालियेल का खेलों से है गहरा लगाव, पत्नी विनीता टुडू हैं लोकप्रिय खैरवा पंचायत मुखिया
बरहेट सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। हेमंत सोरेन यहां से दूसरी बार चुनाव जीतने का सपना संजोए हुए हैं।
दूसरी ओर अब भाजपा ने गमालियेल हेम्ब्रम पर दांव खेला है, जो अभी राजनीति में नए हैं। गमालियेल हेम्ब्रम का सियासी बैकग्राउंड देखें तो उन्होंने केवल 5 साल पहले शिक्षक की नौकरी छोड़कर राजनीति में कदम रखा था। उनकी पत्नी भी जनप्रतिनिधि हैं।
हेम्ब्रम को खेलों से बहुत लगाव है और वो अपने क्षेत्र में बड़े-बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित करवाने के लिए जाने जाते हैं। गमालियल हेम्ब्रम जिस टूर्नामेंट का आयोजन करते हैं, उसमें देश-विदेश के खिलाड़ी शामिल होते हैं। उन टूर्नामेंट में देश ही नहीं बल्कि विदेशों के खिलाड़ी भी हिस्सा लेने आते हैं।
एक खास बात और कि गमालियेल हेम्ब्रम की पत्नी विनीता टुडू बरहेट की खैरवा पंचायत से दो बार की मुखिया रह चुकी हैं। गमालियेल की तरह पत्नी विनीता टुडू भी क्षेत्र में काफी लोकप्रिय हैं।

पिछली बार के आजसू प्रत्याशी रहे गमालियेल हेम्ब्रम को बरहेट में अपना तुरूप का इक्का मान रही भाजपा
बरहेट की हॉट सीट पर सियासी मुकाबले को रोचक बनाने और हार को भी जीत बदलने का दांव खेलने के लिहाज भाजपा ने चौंकाने वाला प्रत्याशी उतारा है।
भाजपा के रणनीतिकार आधिकारिक तौर पर तत्काल कोई बड़े दावे या टिप्पणी नहीं करना चाह रहे लेकिन बड़े विश्वास के साथ बताते हैं कि प्रतिपक्ष के मुख्य योद्धा के खिलाफ संगठन ने तुरूप का इक्का चला है, देखा जाए क्या होता है।
यह पहली बार नहीं है जब गमालियेल हेम्ब्रम चुनावी मैदान में हैं। इससे पहले 2019 में भी उन्होंने हेमंत सोरेन के खिलाफ बरहेट सीट से चुनाव लड़ा था। उस समय उनकी उम्र मात्र 25 साल थी। चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने अपनी पारा शिक्षक की नौकरी से इस्तीफा दे दिया था।
हालांकि, 2019 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उन्हें उस चुनाव में कुल 2,573 वोट मिले थे। तब वह आजसू से प्रत्याशी थे जबकि इस बार वही आजसू भाजपा के साथ एनडीए गठबंधन दल के रूप में चुनाव में साथ है। गत विधानसभा चुनाव में हेमंत सोरेन को 73,725 वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर बीजेपी के सिमोन मालतो रहे थे, जिन्हें 47,985 वोट मिले थे।
यानी तब भाजपा और जेएमएम के साथ टक्कर में बरहेट में हुए मतदान में गमालियल को 1.87 फीसदी मत मिले थे। लेकिन बदले सियासी हालात में अब गमालियल सीधे भाजपा से प्रत्याशी हैं और आजसू भी साथ है तो मुकाबला रोचक होने के प्रबल आसार बन गए हैं।


















