Bihar Museum in Mann Ki Baat, पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड में बिहार संग्रहालय का उल्लेख किया। इसे बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाला कदम बताते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सुना। सम्राट चौधरी ने कहा कि ‘मन की बात’ में बिहार संग्रहालय का उल्लेख होना राज्य के लोगों के लिए गर्व और गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि बिहार संग्रहालय राज्य की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और कलात्मक विरासत का प्रतिनिधित्व करता है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि विश्व के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में इसे नौवां स्थान और एशिया में पहला स्थान प्राप्त है।
बिहार संग्रहालय को राष्ट्रीय मंच पर मिली पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के माध्यम से बिहार संग्रहालय की उपलब्धि को राष्ट्रीय मंच पर स्थान दिया है। इससे बिहार की गौरवशाली विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि संग्रहालय राज्य के इतिहास, कला और संस्कृति का महत्वपूर्ण केंद्र है। सम्राट चौधरी ने इस उल्लेख को बिहार की सांस्कृतिक उपलब्धियों के सम्मान के रूप में बताया और इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।
नशामुक्त भारत के निर्माण का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के 140वें एपिसोड में नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी। नशे की लत से संघर्ष कर उससे बाहर निकलने वाले युवाओं के प्रेरक अनुभवों के माध्यम से समाज को जागरूक और संवेदनशील बनने का संदेश दिया गया। सम्राट चौधरी के अनुसार, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री का यह संदेश बेहद महत्वपूर्ण है।

फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को जन-आंदोलन बनाने पर भी बल दिया। नियमित शारीरिक गतिविधियों, खेल और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया। उन्होंने इसे स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में प्रेरणादायी बताया।

साइबर सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता का संदेश
सम्राट चौधरी ने साइबर सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता पर प्रधानमंत्री के संदेश को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के दौर में प्रत्येक नागरिक को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देश की विविध उपलब्धियों, प्रेरक व्यक्तित्वों, सामाजिक प्रयासों और स्थानीय विरासत को राष्ट्रीय मंच प्रदान करता है। यह कार्यक्रम जनभागीदारी, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भूमिका को प्रोत्साहित करता है। उन्होंने बिहार की विरासत को सम्मान देने और समाज को सकारात्मक दिशा देने वाले संदेशों के लिए प्रधानमंत्री के प्रति पुनः आभार व्यक्त किया।

▶ 22Scope के YouTube चैनल पर देखें ताज़ा वीडियो खबरें
Highlights


















