नवादा : नवादा जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निदेश के आलोक में अपर समाहर्त्ता नवादा चंद्रशेखर आजाद के द्वारा पैक्स निर्वाचन-2024 को लेकर सभी सेक्टर पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को ब्रीफिंग किया गया। अपर समाहर्त्ता ने बताया कि सचिव, बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार और पटना द्वारा पैक्स निर्वाचन-2024 में पांच चरणों में निर्धारित है। जिसमें नवादा जिलान्तर्गत कुल 14 प्रखंडों में 172 पैक्सों की प्रबंधकारिणी समिति के विभिन्न पदों पर निर्वाचन हेतु नवादा जिले में चार चरणों में निर्वाचन कार्यक्रम संपन्न होना है। चतुर्थ चरण एक दिसंबर को मतदान सुबह सात बजे से दोपहर साढ़े चार बजे तक संपन्न होगा। मतदान स्वच्छ, निष्पक्ष, भयुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विभिन्न आदेश दिया गया।
अपर समाहर्त्ता द्वारा बताया गया कि प्रखंड वारिसलीगंज, पकरीबरावां एवं काशीचक में चतुर्थ चरण का मतदान होना है। जिसमें उक्त प्रखंडों में विभिन्न स्थानों पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु सुपर जोनल दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है साथ ही सेक्टर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। पैक्स निर्वाचन-2024 हेतु नवादा जिला के विधि-व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार में चंद्रशेखर आजाद, अपर समाहर्त्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, नवादा एवं पुलिस पदाधिकारी मो. इमरान परवेज, पुलिस उपाधीक्षक रहेंगे।
उन्होंने बताया कि मतदान केंद्र में पोलिंग एजेंट को एवं मतदाताओं को मोबाइल मतदान केंद्र के अन्दर ले जाना वर्जित रहेगा। सभी सेक्टर पदाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने मतदान केंद्र पर ससमय पहुंचना सुनिश्चित करेंगे। समाहरणालय, नवादा में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जिसका दूरभाष सं0- 06324-212261 है। नियंत्रण कक्ष-सह-हेल्पलाइन दिनांक एक दिसंबर के शाम छह बजे से निर्वाचन प्रक्रिया की समाप्ति तक दिवा-रात्रि कार्य करेगा। नियंत्रण कक्ष में पालीवार दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। नियंत्रण कक्ष में पांच सुरक्षित पदाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में अपर समाहर्त्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी संजय कुमार और जिला प्रोग्राम पदाधिकारी निरूपमा शंकररहेंगे। संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष को अस्थाई नियंत्रण कक्ष स्थापना के लिए निर्देश दिया गया। आपात स्थिति से निपटने हेतु अग्निशाम दस्ता/बज्र वाहन और अश्रु गैस दस्ता आदि की व्यवस्था की गई है।
यह भी देखें :
अनुमंडल दंडाधिकारी नवादा सदर को अपने स्तर से मतदान केंद्रों के दो सौ मीटर की परिधि में बीएनएसएस की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू करने का निर्देश दिया गया। सभी पीठासीन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि मतदान केंद्र एवं उक्त परिधि के अंतर्गत अशांति फैलाने वाले असमाजिक तत्वों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे।
डीएसपी मुख्यालय द्वारा सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि गाड़ियों का चेकिंग लागातार करते रहेंगे। अकबरपुर, रोह, नारदीगंज एवं नवादा सदर प्रखंडों में निर्धारित स्थल पर संबंधित थानाध्यक्ष द्वारा चेक प्वाइंट का गठन किया गया है। सड़कों पर अवैध गाड़ियों का परिचालन/आवागमन न हो, अग्नेयास्त्र आदि का परिचालन होते पाए जाने पर जब्त करेंगे। अशांति एवं विधि-व्यवस्था भंग करने वाले असमाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखेंगे एवं पकड़े जाने पर विधि-सम्मत आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था हेतु सिविल सर्जन को निदेश दिया गया है कि जिला नियंत्रण कक्ष एवं सदर अस्पताल में दो एम्बुलेंस तैयार अवस्था में चिकित्सक एवं कंपाउंडर के साथ प्रतिनियुक्त करना सुनिश्चित करेंगे। मतदान स्वच्छ, निष्पक्ष, भयुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु संबंधित थानाध्यक्ष को अंतर्राज्यीय/अन्तर्जिला सीमा पर बैरियर लगाने का निर्देश दिया गया। निर्वाचन-2024 के मद्देनजर संबंधित अनुमंडल दंडाधिकारी/अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जिला विधि-व्यवस्था संधारण हेतु अपने-अपने क्षेत्र के वरीय प्रभार में रहेंगे। आज की बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी नवादा सदर, प्रभारी गोपनीय शाखा, प्रभारी जिला जन संपर्क पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पकरीबरावां, जिला सहकारिता पदाधिकारी के साथ-साथ सेक्टर एवं पुलिस पदाधिकारी आदि मौजूद थे।
यह भी पढ़े : PACS Election के पहले चरण का मतदान जारी, आज ही होगी मतगणना
अनिल कुमार की रिपोर्ट







