पटना में जमीन खरीदना होगा मुश्किल, सर्किल रेट 400% तक बढ़ाने का प्रस्ताव
22 Scope News Desk : पटना की व्यावसायिक सड़कों के पास जमीन का सर्किल रेट 380 से 410 प्रतिशत तक बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा गया है। राजाबाजार की जमीन 2.04 करोड़ और बोरिंग रोड की जमीन 2 करोड़ रुपये प्रति डिसमिल तक हो सकती है। अंतिम फैसला कैबिनेट लेगी।
नये सर्किल रेट से खऱीदारी से लेकर रजिस्ट्री तक बढेगी लागत
पटना में जमीन की खरीद-बिक्री करने वालों के लिए बड़ा बदलाव होने वाला है। शहर की व्यावसायिक प्रधान सड़कों के पास स्थित जमीन की सरकारी कीमत (सर्किल रेट) को 380 से 410 प्रतिशत तक बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जिला निबंधन कार्यालय ने यह प्रस्ताव निबंधन विभाग को भेज दिया है। इस पर अंतिम निर्णय राज्य कैबिनेट द्वारा लिया जाएगा।
प्रस्ताव लागू होने पर राजाबाजार की जमीन का सर्किल रेट 2.04 करोड़ रुपये प्रति डिसमिल और बोरिंग रोड की जमीन 2 करोड़ रुपये प्रति डिसमिल तक पहुंच सकता है। इससे पटना में जमीन की रजिस्ट्री कराना आम लोगों के लिए काफी महंगा हो जाएगा।
9 साल बाद बदलेगा सर्किल रेट
फिलहाल पटना में जमीन की रजिस्ट्री करीब 9 साल पुराने सर्किल रेट के आधार पर की जा रही है। जबकि इन वर्षों में जमीन की बाजार कीमत कई गुना बढ़ चुकी है। सरकार का मानना है कि सर्किल रेट को बाजार मूल्य के अनुरूप करना जरूरी हो गया है।
सर्किल रेट बढ़ने से जमीन की रजिस्ट्री पर लगने वाला 10 प्रतिशत शुल्क भी बढ़ जाएगा, जिससे राज्य सरकार के राजस्व में बड़ी बढ़ोतरी होगी।
सड़क के हिसाब से कितनी बढ़ेगी कीमत
प्रस्ताव के अनुसार:
व्यावसायिक मुख्य सड़क के पास – 380 से 410 प्रतिशत
व्यावसायिक सहायक सड़क – 350 प्रतिशत
आवासीय मुख्य सड़क – 265 प्रतिशत
आवासीय सहायक सड़क – 200 प्रतिशत तक सर्किल रेट बढ़ सकता है।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा असर
राजाबाजार, खाजपुरा, मीठापुर, फ्रेजर रोड, जमाल रोड, एग्जीबिशन रोड, कंकड़बाग, खेतान मार्केट, पटना मार्केट, हनुमान नगर, बोरिंग रोड, गांधी मैदान और बेली रोड जैसे इलाकों में करीब 400 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। इन इलाकों में नई प्रस्तावित दर हैं……
पूराने दर के हिसाब से राजाबाजार में जमीन का दर ₹40 लाख से बढ़ा कर ₹2.04 करोड़, बोरिंग रोड में ₹40 लाख से बढ़ा कर ₹2 करोड़, फ्रेजर रोड में ₹40 लाख से बढ़ा कर ₹2 करोड़, कंकड़बाग इलाके में ₹35 लाख से बढ़ा कर ₹1.75 करोड़ और पाटलिपुत्र इलाके में ₹35 लाख स बढ़ा कर ₹1.57 करोड़ करने का प्रस्ताव है।
कैबिनेट के फैसले का इंतजार
निबंधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार सभी जिलों से सर्किल रेट बढ़ाने के प्रस्ताव मंगाए गए हैं। समीक्षा के बाद अंतिम प्रस्ताव कैबिनेट में रखा जाएगा। इसके बाद ही नया सर्किल रेट लागू होगा।
ये भी पढे : Patna News: बिहार स्वास्थ्य विभाग में बड़ी प्रोन्नति, 1,222 डॉक्टर हुए प्रमोट, पूरी सूची वेबसाइट पर
Highlights


