रांची: अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने रांची पुलिस को 316 अपराधियों की एक सूची दी है। इस सूची में हत्या, चोरी, डकैती, छिनतई, रेप, पॉकेटमारी और ठगी करने वाले अपराधी शामिल हैं। इसमें से 85 अपराधियों को “शातिर अपराधी” की श्रेणी में रखा गया है, जिनपर 10 या उससे अधिक केस दर्ज हैं।
वर्तमान में जेल से बाहर होने वाले शातिर अपराधियों के खिलाफ थाना हाजिरी और जिला बदर की कार्रवाई की जाएगी।
विशेष ध्यान देने वाला तथ्य है कि रांची पुलिस ने शहर के 11 गैंगों के 104 अपराधियों की अलग से सूची तैयार की है।
इस सूची में अमन साव, अमन श्रीवास्तव, सुजीत सिन्हा, लामा गैंग, रोहित मुंडा गैंग, और अन्य नाम शामिल हैं। इन गैंगों में जेल में बंद अपराधियों को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से पुलिस सजा दिलाएगी। रांची पुलिस जेल में बंद अपराधियों और उनसे मुलाकात करने वालों की गतिविधियों के प्रति सतर्क रहेगी।
इस बारे में एसएसपी किशोर कौशल के निर्देशानुसार, दो जेल नोडल अधिकारियों को नियुक्ति मिली है। ये नोडल पदाधिकारी जेल में बंद अपराधियों की गतिविधियों के बारे में जानकारी एकत्र करेंगे और उन्हें अपने वरीय पदाधिकारी को प्रस्तुत करेंगे।
इसके अलावा, नोडल पदाधिकारी जिला पुलिस की ओर से संपूर्ण जेल की बाहरी सुरक्षा के प्रबंधन में रहेंगे। वे कैदियों को जेल से कोर्ट तक ले जाने और आने के दौरान निर्धारित मानदंडों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की त्रुटि का ध्यान रखेंगे और उसकी सूचना अपने वरीय पदाधिकारी को देंगे।

















