बोकारो: बोकारो एयरपोर्ट के संचालन को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा ने सोमवार को अपने गोपनीय कार्यालय कक्ष में बीएसएल प्रबंधन, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI), वन विभाग, सिविल सर्जन तथा अन्य वरीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक का मकसद एयरपोर्ट के शीघ्र संचालन के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा और समयबद्ध कार्यान्वयन सुनिश्चित करना था।
उपायुक्त ने कहा कि बोकारो एयरपोर्ट का संचालन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, जिसे जल्द पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को 15 दिनों के भीतर कार्यों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपने का निर्देश दिया।
वॉच टावर और सुरक्षा व्यवस्था
बैठक में जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी रजनीश कुमार को सतनपुर पहाड़ी की चोटी पर मासांत तक वॉच टावर निर्माण शुरू कराने का निर्देश दिया गया। वहीं बीएसएल प्रबंधन को सुरक्षा मानकों के अनुरूप 10 वॉच टावर निर्माण के लिए संबंधित विभाग से शीघ्र संवाद स्थापित करने और निर्णय लेने को कहा गया।
अतिक्रमण हटाने की पहल
एयरपोर्ट परिसर और उसके आसपास के अतिक्रमण को सुरक्षा में बाधक मानते हुए डीसी ने अगस्त माह में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का निर्देश बीएसएल प्रबंधन को दिया। इसके लिए समन्वित रूप से कार्रवाई की जाएगी।
प्रवेश-निकास और स्वच्छता पर जोर
उपायुक्त ने एयरपोर्ट के प्रवेश और निकास बिंदुओं को चिन्हित कर उन्हें सुरक्षित और सुगम बनाने पर बल दिया। साथ ही, परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और निगरानी व्यवस्था स्थापित करने को भी कहा गया।
एंबुलेंस और आपात सुविधा
बैठक में डीएमएफटी फंड से चार स्ट्रेचर युक्त दो एंबुलेंस की खरीद को स्वीकृति दी गई। सिविल सर्जन डॉ. ए.बी. प्रसाद को जिले के सभी एंबुलेंस में डबल स्ट्रेचर सुविधा सुनिश्चित कराने का निर्देश भी दिया गया, ताकि आपातकालीन स्थितियों में बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध हो सके।
वैकल्पिक मार्ग का निर्धारण
भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने बीएसएल प्रबंधन को निर्देश दिया कि एयरपोर्ट तक निर्बाध आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग चिह्नित करने हेतु तत्काल कंसल्टेंट नियुक्त कर प्रक्रिया प्रारंभ करें।
बैठक में अग्निशमन वाहन की नियमित मॉक ड्रिल, एयरपोर्ट संचालन से जुड़ी अन्य तैयारियों एवं समन्वय से जुड़ी बातों पर भी विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।



















