कोडरमाः जिले में ऑटो और टोटो रिक्शा के बीच रूट निर्धारण को लेकर गतिरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है. ऑटो के निर्धारित रूट पर टोटो रिक्शा के परिचालन पर ऑटो चालकों ने विरोध जताया है. साथ ही बैठक कर 10 दिनों के अंदर निर्धारित रूट पर टोटो रिक्शा का परिचालन सुनिश्चित करवाने को लेकर प्रशासन को चेतावनी दी. ऑटो चालकों ने कहा कि ऑटो के रूट पर टोटो रिक्शा का परिचालन होने से अक्सर विवाद हो रहा है. इस विवाद का जिम्मेदार प्रशासन है.
इसके पहले भी टोटो चालकों के लिए झुमरी तिलैया के सुभाष चौक से लेकर महाराणा प्रताप तक टोटो चालकों के लिए रूट निर्धारित किया गया था. अब टोटो रिक्शा चालक सवारियों को लंबी दूरी तक लेकर जाते है. वहीं झुमरी तिलैया में टोटो की संख्या में बढ़ोतरी हुई है. जिस वजह से ऑटो चालकों को निर्धारित रूट में सवारी कम हो रही है. जिससे उनको आर्थिक नुकसान हो रहा है.
इस समस्या को लेकर जिला प्रशासन को पहले भी अवगत कराया गया था. लंबी दूरी पर भी टोटो चलने से ऑटो चालक परेशान है और आंदोलन की चेतावनी दी है. आज बैठक से पहले महतो अहरा चौक के पास एनएच 31 को भी थोड़ी देर जाम किया. ऑटो चालकों ने कहा कि अगर इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो 10 दिन के बाद सभी ऑटो वाले हड़ताल पर चले जाएंगे.
रिपोर्टः अमित कुमार


