Dhanbad Job Scam: नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी, IIT-ISM के पास से पंकज गिरफ्तार

Dhanbad Job Scam: सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये ठगने के आरोप में धनबाद पुलिस ने पंकज गुप्ता को आईआईटी-आईएसएम के पास से पकड़ा है। उसके पकड़े जाने की खबर मिलते ही कई शिकायतकर्ता थाना पहुंच गए। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अलग-अलग लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लिए गए हैं।

किसी शिकायतकर्ता ने 15 लाख रुपये, किसी ने 10 लाख और किसी ने छह लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि लंबे समय से चल रही इस कथित ठगी में रकम करोड़ों रुपये तक पहुंच सकती है। हालांकि, ठगी की कुल रकम और पीड़ितों की संख्या की पुलिस स्तर पर अभी जांच की जा रही है।

सरकारी नौकरी का झांसा देकर लेते थे लाखों रुपये

पुलिस के अनुसार, आरोपित पर लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग समेत अलग-अलग सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर पैसे लेने का आरोप है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि रकम लेने के बाद कुछ लोगों को फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी दिए गए। जब संबंधित लोगों को दस्तावेजों के फर्जी होने की जानकारी हुई और उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो कथित तौर पर उन्हें टालमटोल किया गया।

कुछ शिकायतकर्ताओं ने बाद में धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है। पंकज गुप्ता को थाना लाए जाने के बाद शिकायतकर्ताओं और उसके बीच कहासुनी भी हुई। स्थिति बिगड़ने पर थाना प्रभारी मनोज पांडेय ने शिकायतकर्ताओं को बाहर कराया और आरोपित को हाजत में रखा गया।

Dhanbad Job Scam:  – आरोपित के पिता ने भी बेटे पर लगाए ठगी के आरोप

मामले में पंकज गुप्ता के पिता के आरोपों ने भी पुलिस जांच को एक अलग दिशा दी है। पिता ने अपने बेटे पर कई लोगों से ठगी करने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि उन्होंने कई बार बेटे की गतिविधियों का विरोध किया, जिसके बाद उनके साथ भी मारपीट की गई। उन्होंने पैर तोड़ने और पूर्व में भी शिकायत किए जाने का आरोप लगाया है। वहीं, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव के अनुसार, पलामू, बिहार और अन्य क्षेत्रों के लोगों को नौकरी के नाम पर झांसे में लेने की शिकायत सामने आई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

भागा की महिला से 15 लाख रुपये लेने का आरोप

मामले में धनबाद थाना में दर्ज एक प्राथमिकी के अनुसार, भुतगड़िया-भागा निवासी कुमारी रेणु ने पंकज गुप्ता के खिलाफ नौकरी में प्रोन्नति दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपये लेने की शिकायत की है। शिकायत के मुताबिक, पंकज गुप्ता ने अपने भाई यश कुमार गुप्ता और मां पूनम गुप्ता के साथ मिलकर महिला को महिला एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के पद पर प्रोन्नति दिलाने का भरोसा दिया।

आरोप है कि अलग-अलग तारीखों में नकद और बैंक ट्रांसफर के माध्यम से कुल 15 लाख रुपये लिए गए। इसके बाद महिला को प्रोन्नति से संबंधित एक कथित ज्वाइनिंग लेटर दिया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, संबंधित कार्यालय से जांच कराने पर यह पत्र फर्जी पाया गया। शिकायत में पत्र पर तत्कालीन प्रधान सचिव के कथित फर्जी हस्ताक्षर होने की बात भी कही गई है।

पैसे वापस मांगने पर धमकी देने का भी आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसने रकम वापस मांगी तो उसके साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और धमकी दी गई। महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपित खुद को झारखंड के कुछ बड़े अधिकारियों का करीबी बताकर लोगों को प्रभावित करता था। फिलहाल पुलिस इस मामले में शिकायतों और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच कर रही है।

जांच का एक अहम हिस्सा यह पता लगाना है कि नौकरी के नाम पर कथित ठगी में कितने लोग प्रभावित हुए हैं, कितनी रकम ली गई और इस पूरे मामले में आरोपित के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही कथित ठगी की कुल रकम और पूरे नेटवर्क की वास्तविक तस्वीर सामने आने की संभावना है।

Bihar Flood Relief Fund: मुख्यमंत्री राहत कोष में विधि पदाधिकारियों ने...

Bihar Flood Relief Fund, पटना: बिहार में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए महाधिवक्ता कार्यालय के नवनियुक्त विधि पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री राहत...

Bihar Industrial Development: बिहार में उद्योगों के लिए जमीन अधिग्रहण होगा...

Bihar Industrial Development: बिहार में औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उद्योग विभाग की समीक्षा बैठक की।...

CM Samrat Choudhary Dussehra Wishes: दुर्गा पूजा और दशहरा पर CM...

CM Samrat Choudhary Dussehra Wishes, पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व के शुभ अवसर पर प्रदेश और देशवासियों...