कैमूर : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत निर्माणाधीन अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय एवं निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने ई-रिक्शा की चाभी, दिव्यांगजनों को बैटरी चलित ट्राई साइकिल की चाबी आदि लाभुकों को किया प्रदान
अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने 12,668 जीविका स्वयं सहायता समूहों को 270 करोड़ रुपए का सांकेतिक चेक, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना अंतर्गत द्वितीय एवं तृतीय किस्त की एक करोड़ 14 लाख 25 हजार रुपए का सांकेतिक चेक, सामाजिक पुनर्वास कोष योजना के तहत सांकेतिक चेक, रैन बसेरा अंतर्गत सुयोग्य श्रेणी के लाभुकों को सरकारी भूमि की बंदोबस्ती का प्रमाणपत्र, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना अंतर्गत जीविका दीदियों को 279 करोड़ रुपए का सांकेतिक चेक, सतत् जीविकोपार्जन योजना अंतर्गत ई-रिक्शा की चाभी, दिव्यांगजनों को बैटरी चलित ट्राई साइकिल की चाबी आदि लाभुकों को प्रदान किया।


जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा- आपके द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं
जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि आपके द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। कई अनूठी योजनाएं भी चलाई जा रही है। इसके जरिए हम सभी महिलाएं आर्थिक रुप समृद्ध बनने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर हैं। हम सभी आपके प्रति आभार व्यक्त करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी जीविका दीदियों को बधाई है। आप सभी बहुत अच्छा काम कर रही हैं। आगे भी इसी प्रकार से पूरे लगन के साथ अपने काम में जुटे रहिए। बिहार के विकास में आप सभी महिलाओं का भी अहम योगदान है।

मुख्यमंत्री ने जंगल सफारी वाइल्ड लाइफ सेंचुरी, कैमूर में भ्रमण हेतु 4 पर्यटकीय वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
मुख्यमंत्री ने जंगल सफारी वाइल्ड लाइफ सेंचुरी, कैमूर में भ्रमण हेतु चार पर्यटकीय वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विकासात्मक योजनाओं एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं के प्रस्तुतीकरण का अवलोकन कर उनके क्रियान्वयन की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। इन योजनाओं में कैमूर में मोहनिया, अधौरा, चैनपुर, चांद, भगवानपुर, रामपुर, कुदरा एवं नुआंव समेत कुल आठ प्रखंडों में नये प्रखण्ड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण कार्य, कैमूर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य, अधौरा में डिग्री कॉलेज का निर्माण, बगही कुराड़ी लिंक नहर योजना का पुनर्स्थापन कार्य, सोन-कोहिरा लिंक सिंचाई योजना, कैमूर में प्रेक्षागृह का निर्माण कार्य, जमानियां से ककरैत गंगाजल उद्वह सिंचाई योजना, अधौरा पहाड़ स्थित पर्यटन स्थल करकटगढ़, तेल्हाड़ कुंड एवं वंशीखोह में पर्यटकीय सुविधाओं का विकास, मोहनिया डडवां बाइपास पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य आदि शामिल है।

इन सभी विकास योजनाओं का काम समय सीमा के अंदर ठीक ढंग से पूरा कराएं – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन सभी विकास योजनाओं का काम समय सीमा के अंदर ठीक ढंग से पूरा कराएं। इन सभी योजनाओं के पूरा हो जाने के बाद इलाके का और अधिक विकास होगा। मुख्यमंत्री ने कैमूर जिला अंतर्गत चैनपुर प्रखंड के अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय के समीप आयोजित कार्यक्रम में 209 करोड़ रुपए की लागत से 204 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 162 करोड़ रुपए की लागत से 161 योजनाओं का उद्घाटन और 47 करोड़ रुपए की लागत से 43 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र, नौघरा का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र नौघरा में पढ़ रहे बच्चों से बातचीत कर उन्हें बधाई दी।


मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान कैमूर जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में आज कैमूर जिला अंतर्गत चैनपुर प्रखंड के अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय के समीप आयोजित कार्यक्रम में जिले से संबंधित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। समीक्षा बैठक के दौरान कैमूर के जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय-2 की योजनाओं तथा सात निश्चय-3 की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने जिले में किए जा रहे अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी।


मुख्यमंत्री ने कहा- प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका क्रियान्वयन तेजी से करें। सात निश्चय-2 के तहत जो योजनाएं चलाई जा रही हैं, उनका बेहतर ढंग से क्रियान्वयन करें। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत जो योजनाएं निर्धारित की गई हैं, उस पर बेहतर ढंग से कार्य शुरू करें।

समृद्धि यात्रा के दौरान कैमूर जिले में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज समृद्धि यात्रा के क्रम में कैमूर जिला अंतर्गत चैनपुर प्रखंड के अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय के समीप आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सब बड़ी संख्या में यहां उपस्थित हैं। मैं आप सभी स्वागत एवं अभिनंदन करता हूं। आप सब जानते हैं कि बिहार में पहली बार 24 नवंबर 2005 को एनडीए की सरकार बनी तब से राज्य में कानून का राज कायम है और हमलोग निरंतर बिहार के विकास में लगे हुए हैं। वर्ष 2005 से पहले बिहार का बहुत बुरा हाल था। लोग शाम के बाद घर से बाहर नहीं निकलते थे। समाज में काफी विवाद होता था। हिन्दू-मुस्लिम के बीच अक्सर विवाद हुआ करता था। शिक्षा की हालत दयनीय थी, बहुत कम बच्चे पढ़ पाते थे। पहले इलाज का पूरा इंतजाम नहीं था। सड़कें जर्जर थीं, बिजली की आपूर्ति न के बराबर थी। हमलोग शुरू से ही बिहार के विकास के काम में लगे हुए हैं। अब बिहार में किसी प्रकार के डर एवं भय का वातावरण नहीं है। राज्य में प्रेम, भाईचारा एवं शांति का माहौल है। हिन्दू-मुस्लिम के बीच होने वाले विवाद को खत्म करने के लिए वर्ष 2006 से कब्रिस्तानों की घेराबंदी शुरू कराई। बड़े पैमाने पर कब्रिस्तानों की घेराबंदी कराई जा चुकी है। अब यहां कोई हिन्दू-मुस्लिम विवाद नहीं होता है। वर्ष 2016 से 60 वर्ष से पुराने हिन्दू मंदिरों की घेराबंदी कराने का काम शुरू किया गया, जिससे चोरी की घटनाएं नहीं होती है।

CM नीतीश के साथ डिप्टी सीएम, कई मंत्री, विधायक, पार्षद व कई अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, कृषि एवं कैमूर जिला के प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमां खान, विधायक भरत बिंद, विधायक संगीता कुमारी, विधान पार्षद संतोष कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ. सत्य प्रकाश, कैमूर जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक हरी मोहन शुक्ला सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।

ओम प्रकाश तिवारी की रिपोर्ट
Highlights


