
धनबाद: धनबाद जिले के बलियापुर इलाके में गुरुवार देर रात अवैध खनिज परिवहन पर बड़ी कार्रवाई की गई। जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) के नेतृत्व में चले विशेष जांच अभियान के दौरान पत्थर और गिट्टी लदे पांच हाईवा ट्रक पकड़े गए। यह कार्रवाई बलियापुर अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह की मौजूदगी में हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जब्त किए गए सभी वाहन बलियापुर के एक स्थानीय व्यवसायी से जुड़े हुए हैं। बताया जा रहा है कि इन हाईवा के माध्यम से रात के अंधेरे में अवैध रूप से खनिजों की ढुलाई और कालाबाजारी की जा रही थी।
फिलहाल सभी हाईवा को बलियापुर थाना परिसर में खड़ा कर दिया गया है। चालकों द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की वैधता की जांच की जिम्मेदारी खनन विभाग को सौंपी गई है। विभागीय पुष्टि के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनिज व्यापार पर अंकुश लगाने की दिशा में प्रशासन की गंभीरता जाहिर होती है। जिले में ऐसे अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार सघन जांच अभियान चलाने की योजना है।




