पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के बीच नेताओं का एक दूसरे में आने-जाने और ज्वाइन करने का सिलसिला जारी है। इस बीच राजधानी पटना से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। देश की फेमस लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गईं हैं। बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मैथिली ठाकुर को सदस्यता दिलायी। बताया जा रहा है कि उन्हें अलीनगर से बीजेपी टिकट दे सकती है। इससे पहले चर्चा थी कि बेनीपट्टी सीट से उन्हें टिकट मिल सकता है। लेकिन जब बीजेपी ने पहली लिस्ट जारी की तो उसमें उनका नाम शामिल नहीं था।

भभुआ से RJD के विधायक भरत बिंद ने भी BJP की सदस्यता ली
मैथिली ठाकुर के अलावा भभुआ से राजद के विधायक भरत बिंद ने भी बीजेपी की सदस्यता ली। इस मौके पर बिहार बीजेपी के चीफ दिलीप जायसवाल ने कहा कि विपक्ष हताशा में है। विपक्ष डिप्रेशन में है। उन्होंने कहा कि विपक्ष मीडिया में कुछ से कुछ शिगूफा देना का प्रयास करता है, लेकिन शिगूफा तो शिगूफा होता है।

दिलीप जायसवाल ने कहा- यह है नए बिहार के निर्माण का युवा संकल्प!
दिलीप जायसवाल ने कहा कि यह है नए बिहार के निर्माण का युवा संकल्प। आज आयोजित ‘मिलन समारोह’ में राजद विधायक भरत बिंद और मिथिला की बेटी, सुप्रसिद्ध लोकगायिका मैथिली ठाकुर को भाजपा परिवार की सदस्यता ग्रहण करवाई। पार्टी में आपके शामिल होने से संगठन को युवाशक्ति का नया जोश और समाजसेवा के प्रति नई ऊर्जा मिली है। आपका यह कदम युवा पीढ़ी के भीतर राष्ट्र निर्माण की भावना को और मजबूत करेगा।

NDA में 5 पांडव हैं – दिलीप जायसवाल
इसके आगे उन्होंने कहा कि एनडीए में पांच पांडव हैं। जिस चट्टानी एकता के साथ एनडीए विधानसभा चुनाव का आगाज कर चुकी है कि अब मतदाता ने मन बना लिया है कि भारी बहुमत से एनडीए की सरकार बनेगी। दिलीप जायसवाल ने कहा कि मैंने कहा था कि आधे दर्जन से ज्यादा विधायक राजद और कांग्रेस को छोड़कर बीजेपी में शामिल होंगे। कल फिर हम लोग मिलेंगे। चारों तरफ विपक्ष धराशायी होता जा रहा है। विपक्ष का टायर पंक्चर हो गया है। विपक्ष के टायर की हवा निकल गई है क्योंकि हमने ईमानदारी से पारदर्शिता के साथ गठबंधन धर्म भी निभाया है।



















