Bihar Cyber Crime Training Workshop: महिलाओं और बच्चों के खिलाफ ऑनलाइन अपराध पर सख्ती, पटना में पुलिस अधिकारियों की दो दिवसीय ट्रेनिंग शुरू

Bihar Cyber Crime Training Workshop: पटना में पुलिस अधिकारियों को महिलाओं और बच्चों के खिलाफ ऑनलाइन अपराधों से निपटने के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का…

Google पर 22Scope चुनें
मुख्य बातें
  • बिहार पुलिस और I4C की संयुक्त कार्यशाला पटना में महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध साइबर अपराधों पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
  • डीजी कुंदन कृष्णन ने कहा कि केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि दोषियों को सजा दिलाना भी जरूरी है।
  • साइबर ठग ऑनलाइन गेमिंग के जरिए बच्चों की व्यक्तिगत जानकारी एकत्र कर रहे हैं।
  • पुलिस पदाधिकारियों को तकनीकी दक्षता, कानूनी समझ और आधुनिक अनुसंधान तरीकों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

Bihar Cyber Crime Training Workshop, पटना: बिहार में तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अब अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने और अपराधियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया तेज करने पर जोर दे रही है। विशेष शाखा के महानिदेशक कुंदन कृष्णन ने कहा कि साइबर अपराध के मामलों में केवल गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि आरोपियों के खिलाफ समय पर ट्रायल पूरा कराकर बड़ी संख्या में दोषियों को सजा दिलाना भी जरूरी है। इसके लिए पुलिस पदाधिकारियों को तकनीकी और कानूनी रूप से दक्ष बनाने की आवश्यकता है।वे सोमवार को पटना स्थित पुलिस मुख्यालय सरदार पटेल भवन के सभागार में आयोजित दो दिवसीय साइबर सुरक्षा एवं प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। बिहार पुलिस की साइबर क्राइम एंड सिक्योरिटी यूनिट ने इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) के सहयोग से इस कार्यशाला का आयोजन किया है। इसका उद्देश्य साइबर अपराधों, खासकर महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले ऑनलाइन अपराधों की रोकथाम, प्रभावी अनुसंधान और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए पुलिस की क्षमता बढ़ाना है।

साइबर अपराध के मामलों में ट्रायल और सजा की रफ्तार बढ़ाने पर जोर

कार्यशाला के उद्घाटन के दौरान डीजी कुंदन कृष्णन ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध का स्वरूप बेहद जटिल और तकनीकी हो गया है। ऐसे मामलों में प्रभावी अनुसंधान, साक्ष्य संकलन और कानूनी प्रावधानों का सही इस्तेमाल बेहद जरूरी है। पुलिस पदाधिकारियों को इस तरह प्रशिक्षित करना होगा कि वे अदालत में वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोप साबित कर सकें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध के लंबित अनुसंधान को कम करने के लिए पुलिस पदाधिकारियों का नियमित प्रशिक्षण, वरिष्ठ अधिकारियों की मॉनीटरिंग और जांच की गुणवत्ता में सुधार जरूरी है। महिलाओं और बच्चों के खिलाफ ऑनलाइन अपराधों के मामलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी समन्वय की आवश्यकता पड़ सकती है। जरूरत पड़ने पर इंटरपोल और अन्य संबंधित एजेंसियों की मदद लेनी होगी। इसके साथ ही सीबीआई, आई4सी और राज्य स्तरीय जांच एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है।

ऑनलाइन बेटिंग और म्यूल बैंक खातों पर कार्रवाई की रणनीति

डीजी ने ऑनलाइन बेटिंग और वित्तीय साइबर अपराधों का उदाहरण देते हुए बताया कि ऐसे मामलों में कई राज्यों में एक साथ कार्रवाई करनी पड़ती है। इसके लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय, उचित सर्च वारंट की व्यवस्था और संदिग्ध म्यूल बैंक खातों को समय रहते फ्रीज कराना महत्वपूर्ण है। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को डार्क वेब और डिजिटल माध्यमों से जुड़ी तकनीकी जानकारी बढ़ाने की सलाह दी। साथ ही कहा कि साइबर अपराध के मामलों में तत्काल कार्रवाई के साथ अनुसंधान के दौरान सभी विधिक प्रक्रियाओं का पालन करना भी आवश्यक है।

डिजिटल युग में कोई भी पूरी तरह साइबर जोखिम से सुरक्षित नहीं

कार्यशाला को संबोधित करते हुए सीआईजी के महानिदेशक पारसनाथ ने कहा कि डिजिटल युग में कोई भी व्यक्ति या संस्था साइबर जोखिमों से पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और मोबाइल एप्लीकेशन उपयोगकर्ताओं की पहचान और व्यक्तिगत जानकारी एकत्र करते हैं। इनके दुरुपयोग की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि अपराधी डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल आपराधिक और अवैध गतिविधियों के लिए कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस पदाधिकारियों को अपनी तकनीकी दक्षता, अनुसंधान क्षमता और कानूनी समझ लगातार बेहतर बनानी होगी। पारंपरिक पुलिसिंग के साथ आधुनिक तकनीक और नए अनुसंधान तरीकों को अपनाना समय की जरूरत है। इसके लिए साइबर सुरक्षा से जुड़े लेखों, न्यायालयों के महत्वपूर्ण फैसलों और नवीनतम तकनीकी जानकारियों का अध्ययन करने पर भी जोर दिया।

बच्चों को ऑनलाइन प्रलोभन देकर जुटाई जा रही निजी जानकारी

साइबर अपराध इकाई के आईजी रंजीत कुमार मिश्रा ने ऑनलाइन गेमिंग और डिजिटल प्रलोभनों के जरिए बच्चों एवं युवाओं को निशाना बनाए जाने की चुनौती पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मुफ्त डायमंड, लाइफलाइन, पावर और अन्य आकर्षक ऑफर के माध्यम से साइबर ठग बच्चों और युवाओं की व्यक्तिगत जानकारी हासिल कर लेते हैं। बाद में इन जानकारियों का गलत इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में केवल वित्तीय लेनदेन से जुड़े साक्ष्य पर्याप्त नहीं होते। अपराध की प्रकृति के अनुसार अलग-अलग तकनीकी और अनुसंधान पद्धतियों की जरूरत पड़ती है। उन्होंने डीपफेक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी उभरती चुनौतियों के प्रति पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने की सलाह दी। उनके अनुसार, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण प्रभावी साइबर पुलिसिंग का आधार है।

महिलाओं और बच्चों के खिलाफ ऑनलाइन अपराधों पर सख्त कार्रवाई जरूरी

साइबर इकाई के डीआईजी अवकाश कुमार ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ ऑनलाइन अपराध गंभीर श्रेणी में आते हैं। सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अश्लील, आपत्तिजनक या शोषणकारी सामग्री तैयार करने, साझा करने और प्रसारित करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला का उद्देश्य पुलिस पदाधिकारियों को ऐसी शिकायतों को समझने, तकनीकी और कानूनी दृष्टिकोण से अनुसंधान करने तथा दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने में सक्षम बनाना है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अधिकारियों से आग्रह किया कि वे अपने जिलों में लौटकर थानाध्यक्षों और अन्य पुलिस पदाधिकारियों को भी प्रशिक्षित करें, ताकि साइबर अपराधों से निपटने की क्षमता जिला स्तर तक मजबूत हो सके।

Bihar Cyber Crime Training Workshop 1

दो दिनों में होंगे 10 विशेष प्रशिक्षण सत्र

इस दो दिवसीय कार्यशाला के दौरान कुल 10 विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें विशेषज्ञों की ओर से व्यावहारिक जानकारी, केस स्टडी और प्रश्नोत्तर के माध्यम से पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।कार्यशाला में आई4सी की उपनिदेशक ऐश्वर्या सहित विभिन्न विशेषज्ञों की टीम और दूसरे राज्यों से आए अनुभवी अधिकारी प्रशिक्षण दे रहे हैं। बिहार के अलग-अलग जिलों और पुलिस इकाइयों से पहुंचे पदाधिकारियों को साइबर अपराधों की जांच, डिजिटल साक्ष्य जुटाने और कानूनी प्रक्रियाओं के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है।

यह भी पढ़ें: Shravan Kumar Nitish Kumar Deepotsav: दीपोत्सव के साथ राजगीर को मिली विकास योजनाओं की सौगात, मंत्री ने इन कार्यों का किया शिलान्यास

यह खबर शेयर करें
FacebookXTelegram
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Bihar Cyber Crime Training Workshop का मुख्य उद्देश्य क्या है?

इस कार्यशाला का उद्देश्य साइबर अपराधों, खासकर महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले ऑनलाइन अपराधों की रोकथाम और प्रभावी अनुसंधान के लिए पुलिस की क्षमता बढ़ाना है। इसका आयोजन बिहार पुलिस की साइबर क्राइम एंड सिक्योरिटी यूनिट ने इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) के सहयोग से किया है।

डीजी कुंदन कृष्णन ने साइबर अपराध के मामलों में क्या कहा?

डीजी ने कहा कि केवल गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि आरोपियों के खिलाफ समय पर ट्रायल पूरा कराकर बड़ी संख्या में दोषियों को सजा दिलाना भी जरूरी है। साइबर अपराध अब बेहद जटिल और तकनीकी हो गया है इसलिए पुलिस पदाधिकारियों को तकनीकी और कानूनी रूप से दक्ष बनाना आवश्यक है।

बच्चों को साइबर अपराधियों से कैसे निशाना बनाया जाता है?

साइबर ठग मुफ्त डायमंड, लाइफलाइन, पावर और अन्य आकर्षक ऑफर के माध्यम से ऑनलाइन गेमिंग और डिजिटल प्रलोभनों के जरिए बच्चों की व्यक्तिगत जानकारी हासिल कर लेते हैं। बाद में इन जानकारियों का गलत इस्तेमाल किया जाता है।

ऑनलाइन बेटिंग और वित्तीय साइबर अपराधों से निपटने के लिए क्या आवश्यक है?

विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय, उचित सर्च वारंट की व्यवस्था और संदिग्ध म्यूल बैंक खातों को समय रहते फ्रीज कराना महत्वपूर्ण है। कई राज्यों में एक साथ कार्रवाई करनी पड़ती है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी समन्वय की आवश्यकता पड़ सकती है।

बिहार में सरकारी कामकाज की बदलेगी कार्यशैली? वित्तीय प्रबंधन पर अधिकारियों...

पटना: बिहार में विकास योजनाओं की रफ्तार बढ़ाने और वित्तीय प्रबंधन को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए सरकारी विभागों में कार्यशैली सुधारने पर जोर...

Shravan Kumar Nitish Kumar Deepotsav: दीपोत्सव के साथ राजगीर को मिली...

Shravan Kumar Nitish Kumar Deepotsav, पटना: सुशासन दिवस-नीतीश संवाद की पूर्व संध्या पर ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री तथा जदयू...

Patna Fake Paneer Factory: दूध, पनीर और घी को खराब होने...

Patna Fake Paneer Factory: बिहार में नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पटना जिले के...