
गया में मगध पुस्तक मेला सह सांस्कृतिक महोत्सव का ऐतिहासिक समापन
गया : मगध पुस्तक मेला सह सांस्कृतिक महोत्सव का समापन दिवस अत्यंत भव्य, गरिमामय और स्मरणीय रहा। समापन अवसर पर मेला परिसर साहित्य, संस्कृति, ज्ञान और सृजनात्मक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। पुस्तक प्रेमियों की भारी भीड़ के साथ-साथ शहर के प्रबुद्धजनों, शिक्षाविदों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष ऊँचाई प्रदान की। वही पुस्तक मेला में सह सांस्कृतिक महोत्सव में गया के एसएसपी आनंद कुमार भी मगध पुस्तक मेला सह सांस्कृतिक महोत्सव कार्यक्रम के समापन में अपने बच्चे और फैमिली के साथ पहुंचे। इस दौरान एसएसपी आनंद कुमार ने किताबों का खरीदारी भी किया।
मेले में मगध मेघा प्रतियोगिता के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी हुये सम्मानित
समापन समारोह में उपस्थित अतिथियों ने आयोजन समिति को इस सफल, सुव्यवस्थित और प्रेरणादायी आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर मगध मेधा प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर गया नगर निगम के मेयर डॉ. गणेश पासवान, पूर्व डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव, शिव कैलाश डालमिया, प्रमोद भदानी, कुमार गौरव, उषा डालमिया सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों के कर-कमलों द्वारा शील्ड, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। बच्चों के चेहरों पर झलकता आत्मविश्वास और प्रसन्नता इस आयोजन की सार्थकता को दर्शा रही थी।
संध्या सत्र में महाविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। साथ ही आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रेस एवं मीडिया कर्मियों को उनके सकारात्मक सहयोग के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
मेला समिति की तरफ पुस्तक प्रकाशकों और प्रायोजकों को भी सम्मानित किया गया
इसके अतिरिक्त मेले में सहभागी सभी पुस्तक प्रकाशकों एवं प्रायोजकों को भी प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए प्रधानाचार्य डॉ. जावेद अशरफ एवं इतिहास विभाग के पूर्व डीन डॉ. मनीष सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। रात्रि सत्र में जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कुमार का आगमन हुआ। उन्होंने मेला परिसर में इंटर्नशिप कर रहे विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया तथा अपने प्रेरक उद्बोधन से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाया।
मगध पुस्तक मेला एवं सांस्कृतिक महोत्सव के अंतर्गत आयोजित मगध मेधा प्रतियोगिता इस वर्ष प्रतिभा, सृजनात्मकता और बौद्धिक क्षमता का अद्भुत उत्सव बनकर उभरी। कला, साहित्य, विज्ञान, संगीत एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साह और नवाचार का परिचय दिया।
ये भी पढे : सिक्किम के सीएम प्रेम सिंह तमांग पहुंचे बोधगया, महाबोधि मंदिर में की पूजा-अर्चना
आशीष कुमार की रिपोर्ट
Highlights




