अमेरिका ने जापान को पहले सेमीफाइनल में एक के मुकाबले दो गोलों से पराजित कर एफआईएच विमेंस हॉकी ओलेंपिक क्वालीफायर्स के फाइनल में जगह बना ली है। इसी के साथ अमेरिका पेरिस ऑलेंपिक 2024 के लिए क्वॉलीफाई कर गया है।
रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में गुरुवार को एफआईएच वीमेंस हॉकी ऑलेंपिक क्वालीफायर्स के पहले सेमीफाइनल में यूएसए (अमेरिका) का मुकाबला जापान से हुआ। इस मुकाबले में बढ़त जापान ने बनाई। 38 वें मिनट में सीमादा अमीरू ने पेनल्टी कॉर्नर पर पहला गोल किया, लेकिन चौथे क्वार्टर में अमेरिका ने 52वें और 56वें मिनट में गोलकर मैच दो-एक से जीत लिया। अमेरिका के लिए हॉफमैन एश्ले और अबिगेल ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया। फाइनल में अमेरिका का मुकाबला दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। दूसरे सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला जर्मनी से अब से कूछ ही देर में शुरू होगा।


