Jamshedpur Dengue News: पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह में डेंगू का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर जिला सर्विलेंस विभाग की टीम ने बुधवार को प्रभावित इलाके में सघन जांच अभियान चलाया। जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. अरसद के नेतृत्व में पहुंची टीम में सुशील तिवारी, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के प्रतिनिधि, सीएचओ (CHO) और एमपीडब्ल्यू (MPW) कर्मी शामिल थे।
41 घरों में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इलाके के कुल 41 घरों का निरीक्षण किया। टीम ने घरों और आसपास मच्छरों के पनपने की संभावित जगहों की जांच की। जांच के दौरान चार मकानों में जमा पानी में डेंगू का लार्वा पाया गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने मौके पर ही रासायनिक दवाओं का प्रयोग कर लार्वा को नष्ट कर दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डेंगू मरीज के आसपास रहने वाले परिवारों के स्वास्थ्य की भी जांच की, ताकि किसी अन्य व्यक्ति में बुखार या डेंगू से जुड़े लक्षण होने की स्थिति में समय पर कार्रवाई की जा सके।
तीन लोग बुखार से पीड़ित मिले
जांच के दौरान तीन लोग बुखार से पीड़ित पाए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उन्हें तत्काल आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। इसके साथ ही प्रभावित इलाके में संक्रमण की स्थिति पर नजर रखने और डेंगू के संभावित प्रसार को रोकने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को सावधानियां बरतने की जानकारी दी।
एंटी-लार्वा दवा का कराया गया छिड़काव
डेंगू संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरे इलाके में एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव कराया गया। इसके अलावा ग्रामीणों के बीच जागरूकता पर्चे वितरित किए गए। पर्चों के माध्यम से लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को घर और आसपास साफ-सफाई रखने तथा पानी जमा नहीं होने देने के प्रति जागरूक किया।
गमले, कूलर और पुराने बर्तनों में पानी जमा न होने दें
स्वास्थ्य अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों से अपील की है कि घरों और आसपास गमलों, कूलरों तथा पुराने बर्तनों में पानी जमा न होने दें। जमा पानी में मच्छरों के पनपने की आशंका रहती है। इसके अलावा लोगों से मच्छरदानी का नियमित इस्तेमाल करने की अपील की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डेंगू से बचाव के लिए लोगों को सावधानी बरतने और आसपास संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों पर नजर रखने की सलाह दी है।


















