झारखंड में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। रांची में 61 मिमी बारिश हुई। चांडिल और पश्चिमी सिंहभूम में वज्रपात से तीन लोगों की मौत हुई।
Jharkhand Weather रांची: झारखंड में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज हो गई हैं। उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश की ओर गया साइक्लोनिक सर्कुलेशन अब झारखंड की तरफ लौट आया है। इसके प्रभाव से सोमवार को राज्य के कई जिलों में बारिश हुई। पश्चिमी हवा के कारण मॉनसूनी हवा के वापस लौटने से मौसम में बदलाव देखने को मिला। राजधानी रांची में सोमवार को सबसे अधिक 61 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बारिश के साथ राज्य के कुछ हिस्सों में वज्रपात की घटनाएं भी हुईं। चांडिल और पश्चिमी सिंहभूम में वज्रपात की चपेट में आने से दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई।
Jharkhand Weather:चांडिल में धान की निकाई कर रहीं तीन महिलाएं वज्रपात की चपेट में आईं
चांडिल में खेत में धान की निकाई कर रहीं तीन महिलाएं अचानक वज्रपात की चपेट में आ गईं। हादसे में सोनमनी महतो और मुक्त महतो की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
वहीं पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर प्रखंड स्थित हथिया आदिवासी टोला में तालाब से घर लौट रहे 48 वर्षीय सुखलाल हेंब्रम भी वज्रपात की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौत हो गई।
Key Highlights
- रांची में सोमवार को 61 मिमी बारिश दर्ज की गई।
- चांडिल में वज्रपात से दो महिलाओं की मौत हुई।
- पश्चिमी सिंहभूम में सुखलाल हेंब्रम की वज्रपात से मौत हुई।
- आठ से 11 सितंबर तक झारखंड में बारिश और वज्रपात का अनुमान है।
- नौ और 10 सितंबर को कई जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
Jharkhand Weather:आठ से 11 सितंबर तक बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, आठ से 11 सितंबर तक झारखंड के लगभग सभी जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश की स्थिति बनी रह सकती है। नौ और 10 सितंबर को कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
नौ सितंबर को रामगढ़, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में वज्रपात के साथ भारी बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
Jharkhand Weather:10 सितंबर को इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
10 सितंबर को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद और गिरिडीह में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए भी मौसम विज्ञान केंद्र ने येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ के नीचे और खेतों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों और ग्रामीणों से बारिश के समय खेतों में काम नहीं करने की अपील की गई है।


















