रांची: जेपीएससी द्वितीय नियुक्ति घोटाले में सीबीआई ने करीब 12 साल बाद जांच पूरी कर, तत्कालीन जेपीएससी अध्यक्ष दिलीप प्रसाद सहित 70 आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। इस मामले में कई नाम ऐसे हैं जो वर्तमान में डीएससी से प्रोन्नति प्राप्त कर एसपी बनकर जिला संभाल रहे हैं।
चार्जशीट में आरोप है कि तत्कालीन जेपीएससी के सदस्य और को-आर्डिनेटर के कहने पर 12 परीक्षार्थियों के नंबर बढ़ाए गए थे। कापियों में छेड़छाड़ की गई और उम्मीदवारों के इंटरव्यू में प्राप्त वास्तविक अंकों को भी बढ़ाया गया। गुजरात स्थित फोरेंसिक लैब से इन कापियों की जांच कराई गई थी।
इस मामले की शुरुआत 2012 में हुई थी, जब झारखंड हाई कोर्ट ने नियुक्ति घोटाले की जांच का आदेश दिया था। सीबीआई ने 2012 में 32 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी और जांच शुरू की थी। इसके बाद, जुलाई 2012 में द्वितीय जेपीएससी नियुक्ति घोटाले के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
चार्जशीट में आरोपितों के खिलाफ मुकदमा चलाने की स्वीकृति न मिलने के कारण अदालत ने अभी तक संज्ञान नहीं लिया है। इस मामले की अगली सुनवाई 28 नवंबर को होगी।


















