JSSC Recruitment Scam: 12 से 25 लाख में पास कराने का दावा, 1932 सफल अभ्यर्थी जांच के घेरे में

 JSSC परीक्षा घोटाले की CID जांच में अभ्यर्थियों से 12 से 25 लाख रुपये लेकर पास कराने के दावे सामने आये हैं। 1932 सफल अभ्यर्थियों की जांच हो रही है।


JSSC Recruitment Scam रांची. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में पेपर लीक और पैसे लेकर अभ्यर्थियों को सफल कराने के आरोपों की जांच अब एक नये मोड़ पर पहुंच गयी है। पहले भी जेएसएससी परीक्षाओं में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आयी थीं और पेपर लीक की आशंका जतायी गयी थी। जनवरी 2025 में सीआइडी ने जेएसएससी परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर मामला दर्ज किया था। हालांकि उस समय जांच में इसे पेपर लीक के बजाय परीक्षा के नाम पर अभ्यर्थियों से पैसे की ठगी का मामला माना गया था। इसी आधार पर कोर्ट ने सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति का आदेश दिया था।

अब जेपीएससी भर्ती घोटाले से शुरू हुई सीआइडी की जांच का रुख जेएसएससी परीक्षा घोटाले की ओर भी मुड़ गया है। जांच में टीडीपीएल, वेबल और आइसीएन के बीच संपर्क की कड़ियां सामने आने की बात कही जा रही है।

JSSC Recruitment Scam: 12 से 25 लाख रुपये लेकर सफलता दिलाने का दावा

सीआइडी की जांच में टीडीपीएल से जुड़े अभय तिवारी का नाम महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में सामने आया है। उसके बयान के अनुसार, अभ्यर्थियों से 12 से 25 लाख रुपये तक लिये गये और उन्हें परीक्षा में सफल कराने की व्यवस्था की गयी।

आइसीएन के दो कर्मियों सोमांश प्रकाश और राहुल की गिरफ्तारी के बाद उनकी निशानदेही पर सीआइडी सफल अभ्यर्थी कुंदन तक पहुंची। इसके बाद पटना से एजेंट राजन को भी गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसियां अब कथित तौर पर पैसे के लेनदेन, अभ्यर्थियों और परीक्षा से जुड़े लोगों के बीच संपर्क की कड़ियों को खंगाल रही हैं।

जांच में छापेमारी के बाद डिजिटल साक्ष्यों को मिटाने के प्रयास के भी सुराग मिलने की बात सामने आयी है।


Key Highlights

  1. JSSC परीक्षा घोटाले की CID जांच में 12 से 25 लाख रुपये लेकर अभ्यर्थियों को पास कराने का दावा सामने आया।
  2. ICN के दो कर्मियों की गिरफ्तारी के बाद सफल अभ्यर्थी कुंदन तक पहुंची जांच।
  3. पटना से एजेंट राजन की गिरफ्तारी के बाद जांच में नयी कड़ियां सामने आने का दावा।
  4. सभी 1932 सफल अभ्यर्थियों की जांच की जा रही है और रोजाना करीब 20 से पूछताछ हो रही है।
  5. CID ने मंगलवार को फिर JSSC कार्यालय पहुंचकर परीक्षा से जुड़े दस्तावेज अपने कब्जे में लिये।


JSSC Recruitment Scam: पश्चिम बंगाल ले जाकर रटवाये गये सवाल और जवाब

एजेंट राजन ने सीआइडी को कथित तौर पर बताया कि पैसे लेकर अभ्यर्थियों को सीजीएल परीक्षा के प्रश्न और उत्तर रटवाये गये थे। इसके लिए कुछ अभ्यर्थियों को पश्चिम बंगाल के नियामतपुर ले जाया गया था।

राजन ने यह भी बताया कि यह काम आइसीएन के निदेशक मिथिलेश सिंह के लोगों के कहने पर किया गया था। हालांकि, राजन के कथित कबूलनामे की स्वतंत्र पुष्टि अब तक नहीं हुई है। ऐसे में जांच में सामने आये इन दावों की पुष्टि के लिए सीआइडी आगे साक्ष्यों की जांच कर रही है।

सीआइडी फिलहाल सभी 1932 सफल अभ्यर्थियों की जांच कर रही है। बताया गया है कि रोजाना करीब 20 अभ्यर्थियों से पूछताछ की जा रही है।

JSSC Recruitment Scam: जेएसएससी कार्यालय से फिर दस्तावेज ले गयी सीआइडी

जेएसएससी नियुक्ति घोटाले की जांच कर रही सीआइडी की टीम मंगलवार को फिर नामकोम स्थित जेएसएससी कार्यालय पहुंची। टीम ने वहां के कर्मियों से पूर्व में आयोजित परीक्षाओं से संबंधित दस्तावेज मांगे और उन्हें अपने साथ ले गयी।

सीजीएल परीक्षा से संबंधित कई दस्तावेज सीआइडी पहले भी जेएसएससी से ले चुकी है। इसके अलावा जेएसएससी सचिव सुधीर गुप्ता के घर छापेमारी कर भी जांच टीम ने तथ्य जुटाये थे। एजेंट राजन की गिरफ्तारी के बाद सीआइडी ने जेएसएससी से कुछ नयी जानकारी भी मांगी है।

अभय तिवारी के पिता के नाम को लेकर कोर्ट के आदेश में हुई टाइपिंग संबंधी त्रुटि को भी सीआइडी ने स्पष्ट किया है। सीआइडी के अनुसार, जांच में सामने आया कि टीडीपीएल में काम करने के दौरान अभय तिवारी ने एसीएफ और एफआरओ की परीक्षा दी थी। उसके पिता का नाम सुखदेव तिवारी है। कोर्ट के आदेश में टाइपिंग की गलती के कारण ऐसा प्रतीत हो रहा था कि अभय के पिता ने परीक्षा दी थी, जबकि सीआइडी के अनुसार अभय के पिता ने कोई परीक्षा नहीं दी थी।

Bihar Vigilance Raid: बिहार में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई! चंद्रशेखर सिंह...

Bihar Vigilance Raid, पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने ग्रामीण विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर...

Sudhakar Singh Defamation Notice: सांसद सुधाकर सिंह को 5 करोड़ की...

Sudhakar Singh Defamation Notice: बिहार के बक्सर से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के लोकसभा सांसद सुधाकर सिंह को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी कुंदन कृष्णन की...

Gopalganj Sanjana Death Case: गोपालगंज में संजना की संदिग्ध मौत पर...

Gopalganj Sanjana Death Case: बिहार के गोपालगंज जिले के थावे में दो दिन से लापता 12 वर्षीय संजना का शव मिलने के बाद गांव...