रांची. खबर सियासत से है। पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने आज विधायक पद की शपथ ले ली हैं। उन्हें झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने शपथ दिलाई। इस दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन भी मौजूद थे। बता दें कि, गांडेय विधानसभा सीट पर उपचुनाव में कल्पना सोरेन ने जीत दर्ज की है।
इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के अलाव मंत्री बन्ना गुप्ता, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद, मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की समेत अन्य मौजूद रहे। सदस्यता लेने के बाद कल्पना सोरेन ने कहा कि बहुत बड़ी जिम्मेवारी मिली है। समय कम है, लेकिन जो भी बचे हुए काम हैं, उसे पूरा करने की कोशिश करूंगी।
कल्पना सोरेन को उपचुनाव में मिली जीत
बता दें कि गांडेय में जेएमएम के डॉ. सरफराज अहमद के इस्तीफे के बाद यहां विधानसभा का उपचुनाव हुआ था। इसमें कल्पना सोरेन ने निकटतम प्रतिद्वंदी बीजेपी के दिलीप कुमार वर्मा को 27 हजार 149 वोटों से हरा दिया था। इस चुनाव में कल्पना को 109827 मत मिले थे, जबकि बीजेपी प्रत्याशी को 82678 वोट मिले थे।
बता दें कि, जमीन घोटाला मामले में ईडी की गिरफ्तारी से पहले हेमंत सोरेन ने सीएम पद से इस्तीफा दिया था। उस दौरान झारखंड के सीएम पद की रेस में उनकी पत्नी कल्पना भी थी। हालांकि इस रेस में वे चंपाई सोरेन से हार गयी थी। और अंततः झारखंड के नये सीएम के लिए चंपाई सोरेन के नाम पर मुहर लगी थी।


















