डिजीटल डेस्क : Loksabha Election 2024 में Third Phase Voting के दौरान यूपी के मैनपुरी में बवाल होने की सूचना है। राज्य निर्वाचन कार्यालय में पहुंची सूचना के मुताबिक, मैनपुरी में विधानसभा किशनी थाना बेबर क्षेत्र के मतदान केंद्र तेजगंज पर भाजपा और सपा कार्यकर्ता भिड़ गए। मतदान केंद्र पर जमकर पथराव हुआ। पथराव में भाजपा कार्यकर्ता मनोज चौहान घायल हो गए। भाजपा प्रत्याशी और राज्य के मंत्री जयवीर सिंह के पुत्र सुमित प्रताप सिंह मतदान केंद्र पर पहुंचे थे। मौके पर पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने तत्काल बल प्रयोग कर दोनों पक्षों को वहां से तितर-बितर किया।
मैनपुरी के किशनी विधानसभा क्षेत्र में भिड़े भाजपा-सपा कार्यकर्ता
बताया जा रहा है कि मैनपुरी के किशनी विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 176 तेजगंज पर बवाल का यह वाकया हुआ। बताया जा रहा है कि यहां पर भाजपा प्रत्याशी और यूपी सरकार के मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह के पुत्र सुमित प्रताप सिंह पहुंचे थे। उस दौरान हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते पथराव होने लगा। इस दौरान मौके पर भगदड़ मच गई। कई गाड़ियां पथराव में क्षतिग्रस्त हो गईं। पथराव के दौरान भाजपा के एजेंट सुदेश कुमार और प्रधान प्रतिनिधि करण बहादुर सिंह घायल हो गए।
सपा कार्यकर्ता को जबरन गाड़ी में ले जाने का भाजपा पर आरोप
सपा (समाजवादी पार्टी) ने मैनपुरी लोकसभा सीट के किशनी में बूथ संख्या 117 पर सपा बूथ अध्यक्ष को भाजपा जिला पंचायत सदस्य द्वारा जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने का आरोप लगाया है। सपा द्वारा किशनी के मतदान केंद्र बरिहा, बंसरमऊ पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा मतदाताओं को भयभीत करने और धमकी देने का आरोप लगाया गया है। इसे लेकर समाजवादी पार्टी द्वारा ट्वीट किया गया है। वहीं किशनी के बूथ संख्या 164 पर सपा कार्यकर्ता को पुलिस द्वारा जबरन गिरफ्तार करने, कुसमरा के बूथ संख्या 141, 142, 143 पर सपा के बूथ एजेंटों को भगाने, बूथ संख्या 142 पर भाजपा के लोगों द्वारा पोलिंग डंप करने के प्रयास, किशनी के बूथ संख्या 67 पर भाजपा समर्थकों के पहचान पत्र देखे बिना मतदान करने, बूथ संख्या 18, 166, 19, 150, 41, 42, 43 पर पीठासीन अधिकारी द्वारा सपा के एजेंट बनने से रोकने का आरोप लगाते हुए ट्वीट किया गया है।
सपा ने लगाया बूथ कैप्चरिंग का आरोप
समाजवादी पार्टी ने मैनपुरी लोकसभा सीट पर बूथ कैपचरिंग का दावा किया है। सपा ने आरोप लगाया है कि किशनी विधानसभा के तेजगंज में बूथ संख्या 170 पर भाजपा प्रत्याशी के बेटे द्वारा मारपीट करके बूथ कैप्चर करने का प्रयास हो रहा है। थाना कुर्रा के गांव सहन में सपा कार्यकर्ताओं ने भाजपाइयों पर फर्जी मतदान का आरोप लगाया तो विवाद हो गया। जानकारी मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे तब तक विवाद शांत हो चुका था। अधिकारियों ने किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से मतदान केंद्र के पास न पहुंचने देने की हिदायत दी।