Advertisement
Advertisement
Advertisement

हिलसा में खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, खो-खो प्रतियोगिता के उद्घाटन में पहुंचे मंत्री श्रवण कुमार

नालंदा: बिहार के नालंदा जिले के हिलसा स्थित श्रीचन्द उदासीन महाविद्यालय में शुक्रवार को पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय पुरुष एवं महिला खो-खो प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ। ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। पहले दिन महिला वर्ग के मुकाबलों में मेजबान एसयू कॉलेज, हिलसा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

मंत्री श्रवण कुमार ने किया प्रतियोगिता का उद्घाटन

उद्घाटन समारोह में नालंदा सांसद कौशलेन्द्र कुमार, हिलसा विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. उपेन्द्र प्रसाद सिंह और महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. शिवचन्द्र सिंह उपस्थित रहे। मंत्री श्रवण कुमार ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका परिचय प्राप्त किया। इसके बाद उद्घाटन मैच का टॉस उछालकर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेलों से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और मानसिक मजबूती मिलती है। मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए खेल बेहद जरूरी हैं। उन्होंने हिलसा अनुमंडल में हॉकी खेल को बढ़ावा देने की पहल करने की बात भी कही। इसके लिए पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति से बातचीत करने का आश्वासन दिया।

गंगा देवी महिला कॉलेज ने जीत से किया आगाज

प्रतियोगिता के पहले दिन महिला वर्ग में कई रोमांचक मुकाबले हुए। उद्घाटन मैच में गंगा देवी महिला कॉलेज की टीम ने ए.एन. कॉलेज की महिला टीम को हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। इसके बाद खेले गए मुकाबले में मेजबान एसयू कॉलेज, हिलसा की महिला टीम ने डिग्री कॉलेज राजगीर को एक पारी और 10 पॉइंट से हराया। इस जीत के साथ मेजबान टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

तनु के शानदार डिफेंस ने दिलाई मेजबान टीम को जीत

एसयू कॉलेज की जीत में 12 नंबर की जर्सी पहनकर मैदान में उतरी खिलाड़ी तनु की भूमिका अहम रही। उन्होंने शानदार डिफेंस का प्रदर्शन करते हुए विरोधी टीम के खिलाड़ियों को एक-एक कर आउट किया। उनके बेहतरीन खेल की बदौलत मेजबान टीम ने एक पारी और 10 पॉइंट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। तनु के प्रदर्शन पर मैदान में मौजूद दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।

महिला वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों की तस्वीर साफ

पहले दिन के मुकाबलों के बाद महिला वर्ग के दोनों सेमीफाइनल मैच तय हो गए हैं। पहला सेमीफाइनल एसयू कॉलेज, हिलसा और आरपीएम, पटना सिटी के बीच खेला जाएगा। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में गंगा देवी महिला कॉलेज और जेडी वीमेंस कॉलेज की टीमें आमने-सामने होंगी। आयोजकों के अनुसार, आरपीएम और जेडी वीमेंस कॉलेज को स्टैंड-बाय में रखा गया है, क्योंकि महाबोधि नालंदा और एमएस कॉलेज, नौबतपुर की टीमें निर्धारित समय पर प्रतियोगिता स्थल पर नहीं पहुंच पाईं।

हिलसा में खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, खो-खो प्रतियोगिता के उद्घाटन में पहुंचे मंत्री श्रवण कुमार

शनिवार को सेमीफाइनल और फाइनल, फिर होगा पुरस्कार वितरण

प्रतियोगिता का समापन शनिवार को होगा। इस दिन महिला वर्ग के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। पहले दिन खिलाड़ियों के प्रदर्शन और दर्शकों की मौजूदगी से प्रतियोगिता का माहौल उत्साहपूर्ण रहा।

यह भी पढ़ें: बाढ़ नियंत्रण और सिंचाई पर सरकार का फोकस, जानिए बिहार में किन परियोजनाओं पर होगा काम

यह खबर शेयर करें
FacebookXTelegram
Commercial Advertisment

नीतीश सेतु पर PM मोदी के कार्यक्रम की तैयारी तेज, मुख्यमंत्री...

पटना: बिहार में कच्ची दरगाह-राजापाकर-बिदुपुर छह लेन पुल यानी 'नीतीश सेतु' के उद्घाटन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर...

ब्राउन शुगर के साथ पकड़े गए युवक का आपराधिक इतिहास भी...

पाकुड़: झारखंड के पाकुड़ जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर थाना पुलिस ने बड़ी...

कुंजबोना पंचायत में 40 आवेदकों को मिला लर्निंग लाइसेंस, जानिए कैसे...

पाकुड़: झारखंड के पाकुड़ जिले में आम नागरिकों को ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय की ओर से...