पाकुड़: झारखंड के पाकुड़ जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मालगोदाम रोड से 30 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हिरणपुर थाना क्षेत्र के हाथकाठी छिरकापाड़ा निवासी सूरज कुमार दुबे, पिता स्वर्गीय रविशंकर दुबे के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से ब्राउन शुगर के अलावा एक आईफोन, बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की ग्लैमर बाइक और 5,320 रुपये नकद बरामद किए हैं।
एसपी को मिली सूचना के बाद गठित हुई विशेष टीम
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर को पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र के मालगोदाम रोड में एक व्यक्ति अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया। इसके बाद पुलिस टीम दंडाधिकारी के साथ मालगोदाम रोड पहुंची। इसी दौरान पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सूरज कुमार दुबे बताया।
तलाशी में ब्राउन शुगर, आईफोन और बाइक बरामद
पुलिस ने विधिवत तलाशी ली तो युवक के पास से 30 ग्राम ब्राउन शुगर, एक आईफोन मोबाइल और 5,320 रुपये नकद मिले। इसके अलावा बिना पंजीयन संख्या की ग्रे रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। इस मामले में पाकुड़ नगर थाना कांड संख्या 262/2026, दिनांक 19 नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी)/22(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की आगे की कार्रवाई कर रही है।
हिरणपुर और पाकुड़िया थानों में भी दर्ज हैं मामले
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवक का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हिरणपुर थाना में एनडीपीएस एक्ट, चोरी और अन्य धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। इसके अलावा पाकुड़िया थाना में लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक धाराओं के तहत भी प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

ऑपरेशन जीवन के तहत जारी रहेगी कार्रवाई
छापेमारी दल में एसडीपीओ कुमार गौरव, अंचल निरीक्षक तनुजा पुजहर, नगर थाना प्रभारी जॉन मुर्मू, पुलिस अवर निरीक्षक कन्हैया कुमार यादव, रवि शर्मा, सन्नी सुप्रभात, अभिषेक कुमार सहित नगर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया कि ‘ऑपरेशन जीवन’ के तहत जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ऐसे कारोबार में शामिल लोगों पर नजर रख रही है और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता: सरोज झा
▶ 22Scope के YouTube चैनल पर देखें ताज़ा वीडियो खबरें
Highlights


















