झारखंड में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी

IMD रांची ने जारी किया 5 दिवसीय विस्तृत पूर्वानुमान, मांडर में रिकॉर्ड 140.2 मिमी बारिश

रांची: झारखंड में मानसून एक बार फिर पूरी सक्रियता के साथ लौट आया है। IMD के रांची स्थित केंद्र ने आगामी पांच दिनों के लिए राज्य भर में व्यापक वर्षा और गरज-चमक के साथ तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार मानसूनी द्रोणिका रेखा अभी राजस्थान, फतेहगढ़, मुजफ्फरपुर, बैंकुरा होते हुए बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रही है, जिससे झारखंड में वर्षा की गतिविधियां तेज़ हो गई हैं।

बीते 24 घंटों में सबसे अधिक वर्षा राजधानी रांची के मांडर क्षेत्र में 140.2 मिमी दर्ज की गई। वहीं पथलगड़ा (75.6 मिमी), हजारीबाग (58 मिमी), रांची एरो (26.8 मिमी) और अन्य कई स्थानों पर भी अच्छी बारिश हुई। साथ ही, राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहे और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

राजधानी रांची में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं गोला में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि लोहरदगा-एडब्ल्यूएस में न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं जताई है।

आईएमडी की चेतावनी के अनुसार, 19 और 21 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाएं (30–40 किमी प्रति घंटा) चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक और भारी बारिश की भी प्रबल संभावना है। 19 से 23 जुलाई तक लगभग सभी जिलों में दो या दो से अधिक बार बारिश हो सकती है। विशेषकर 21 जुलाई को ‘एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा’ की संभावना जताई गई है।

जिलावार तापमान की बात करें तो पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, देवघर, गिरिडीह, दुमका, गढ़वा, चतरा सहित अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 30–35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23–26 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।

1 जून से 19 जुलाई तक राज्य में कुल 627.3 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य (380.6 मिमी) से 65% अधिक है। पूर्वी सिंहभूम में 669.8 मिमी वर्षा हुई जो सामान्य से 82% अधिक रही। वहीं रांची में 529.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 35% अधिक है।

कृषि कार्यों की दृष्टि से यह बारिश उपयोगी मानी जा रही है, परंतु मौसम विभाग ने भारी वर्षा संभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की सलाह दी है। यात्रियों और किसानों को स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने की आवश्यकता है।

यह खबर शेयर करें
FacebookXTelegram

Vaishali International Buddhist Conference 2026: वैशाली में जुटेंगे बौद्ध देशों के...

Vaishali International Buddhist Conference 2026, पटना: बिहार के वैशाली में 11 से 13 दिसंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन-2026 की...

Dehri Pickup Accident 2026: डेहरी में प्याज लदे पिकअप ने दो...

Dehri Pickup Accident 2026, रोहतास: रोहतास जिले के डेहरी इलाके में शुक्रवार को जख्खी बिगहा सर्विस लेन पर तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने दो...

Ishan Kishan Deoghar Visit: क्रिकेट के मैदान के बाद बाबा के...

Ishan Kishan Deoghar Visit: भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन शुक्रवार सुबह अपने पूरे परिवार के साथ देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने...