पटना : रामचंद्र पूर्वे बिहार विधान परिषद के उपसभापति बनाये गए. इसकी घोषणा सभापति देवेश चंद्र ठाकुर ने की.
उपसभापति बनने पर रामचंद्र पूर्वे को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने बधाई दी.
सीएम नीतीश कुमार ने रामचंद्र पूर्वे को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे काफी वरिष्ठ नेता हैं.
सभी चीजों का उनके पास लंबा अनुभव है. आगे बेहतर तरीके से सदन चलेगा.
नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव के संबोधन के बाद बिहार विधानसभा और विधान परिषद की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई.
हमारे अभिभावक हैं रामचंद्र पूर्वे- तेजस्वी
इससे पहले अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि रामचंद्र पूर्वे हमारे अभिभावक हैं.
आज जिस पद की जिम्मेदारी इन्हें दी गई इसका वे ईमानदारी से निर्वहन करेंगे.
बेहतर तरीके से सदन चलेगा. सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में बेहतर ढंग से काम होगा.
रामचंद्र पूर्वे में है असली समाजवाद- सम्राट चौधरी
वहीं रामचंद्र पूर्वे के उप सभापति बनने पर परिषद के नेता प्रतिपक्ष सम्राट चौधरी ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि
असली समाजवाद रामचंद्र पूर्वे हैं. कर्पूरी जी और लोहिया जी जिस समाजवाद की बात करते थे वो उनमें दिखता है.
इसके बाद विधान परिषद की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गई.
केंद्र सरकार के खिलाफ भाकपा माले ने की नारेबाजी
बता दें कि सत्र के शुरू होने से पहले भाकपा माले ने बिहार विधान सभा परिसर में
केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया.
माले विधायकों ने कहा कि जिस दिन हम आजादी का जश्न मना रहे थे,
उस दिन बलात्कारियों और हत्यारों को रिहा किया गया. उनकी सजा माफ की गई, यह सरासर गलत है.
बीजेपी विधायकों ने किया जमकर प्रदर्शन
बिहार विधानसभा में बीजेपी विधायकों ने जमकर प्रदर्शन किया.
विशेष समिति एवं आचार समिति का प्रतिवेदन सभा पटल पर उपस्थित करने की मांग को लेकर
भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.
सरकार में राजद की हिस्सेदारी
बता दें कि डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव सरकार में हर स्तर पर अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित करना चाहते हैं.
एक तरफ विधानसभा में स्पीकर की कुर्सी आरजेडी के पास है तो डिप्टी स्पीकर की कुर्सी जेडीयू के पास.
वहीं, दूसरी तरफ विधान परिषद में सभापति की कुर्सी जेडीयू के देवेश चंद्र ठाकुर के पास है तो
वहीं दूसरी तरफ उप सभापति की कुर्सी अब रामचंद्र पूर्वे के पास है जो आरजेडी के विधान परिषद के सदस्य हैं.
रिपोर्ट: प्रणव राज
Highlights







