रांची: धुर्वा स्थित सुधा डेयरी के लापता इंजीनियर सुजीत कुमार का पुलिस अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. शनिवार को 50 पुलिसकर्मियों ने खोजी कुत्तों की मदद से सुधा डेयरी का चप्पा-चप्पा खंगाला गया. लेकिन इंजीनयर का कोई सुराग नहीं मिला.
60 घण्टे से गायब हैं इंजीनयर
सुधा डेयरी के सीनियर इंजीनियर सुजीत कुमार के गायब हुए 60 घंटे से ज्यादा समय बीत चुका है. लेकिन अबतक पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा है. यहां तक कि इंजीनियर के लोकेशन की भी पुलिस को जानकारी नहीं मिल पायी है. पुलिस के अनुसार इंजीनियर का बुधवार की सुबह आखिरी लोकेशन सुधा डेयरी परिसर में था. इसके बाद उनका मोबाइल स्वीच ऑफ हो गया. तब से अबतक इंजीनियर का मोबाइल ऑन ही नहीं हुआ है.
NDRF के बाद पुलिस ने दिन भर की तलाश
शनिवार की सुबह सिटी डीएसपी दीपक कुमार के नेतृव में खोजी कुत्तों के साथ 50 से अधिक पुलिसकर्मी सुधा डेयरी पहुचें. देर शाम तक सुधा डेयरी कैम्पस स्थित तलाब, नाले और झाड़ियों में इंजीनियर की तलाश की गयी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. दरअसल सुजीत के परिजनों ने आशंका जतायी है कि सुजीत को प्लांट में ही कही गायब कर दिया गया है. इसी सूचना के आधार पर पहले दिन एनडीआरएफ और फिर पुलिस ने अपने तरीक़े से इजीनियर की तलाश की.
तीन टीम का गठन
पुलिस का कहना है कि उनकी तलाश के लिए अलग-अलग तीन टीमों का गठन किया गया है. इसमें टेक्निकल सेल की भी मदद ली जा रही है. इस मामले में पुलिस घरेलू और फैक्ट्री के विवाद के पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि दोस्तों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है.
गौरतलब हो कि इंजीनियर बुधवार की सुबह सुधा डेयरी गए थे. प्लांट में घुसने के 37 मिनट बाद ही उनका फोन स्वीच ऑफ हो गया. इसके बाद परिजन प्लांट पहुंचे और जमकर हंगामा किया. सूचना मिलने के बाद धुर्वा पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
12 लाख का हुआ था गबन
परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले प्लांट में 14 लाख रूपए का गबन हुआ था. इस मामले में प्लांट के मैनेजर मो. मजिउद्दीन शामिल थे. इस मामले की जांच चल रही है. इसी बात को लेकर मैनेजर और इंजीनियर के बीच विवाद हुआ था. परिजनों ने आशंका जतायी है कि इंजीनियर के गायब होने में मैनेजर का हाथ हो सकता है.
रिपोर्ट- प्रतीक सिंह


