Ranchi- शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिख कर इंटरमीडिएट और मैट्रिक आधारित परीक्षाओं में मगही और भोजपुरी को बोकारो और धनबाद जिले से क्षेत्रीय भाषा की श्रेणी से हटवाने की मांग की है. मुख्यमंत्री को लिखे अपने पत्र में जगरनाथ महतो ने लिखा है कि इन दोनों भाषाओं को इन जिलों में स्थानीय भाषा में शामिल किए जाने का स्थानीय लोगों द्वारा विरोध किया जा रहा है. इस परिस्थिति में इन भाषाओं को इन जिलों में स्थानीय भाषा की श्रेणी से हटाया जाना श्रेयस्कर होगा.
बता दें कि इन दोनों भाषाओं को इन दोनों जिलों का क्षेत्रीय भाषा की श्रेणी डाले जाने का स्थानीय लोगों और छात्रों द्वारा लगातार विरोध किया जा रहा था. कई स्थानों पर मुख्यमंत्री के पुतले भी जलाये गये हैं.
अब स्थानीय निवासियों और छात्रों का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इन दोनों भाषाओं को बोकारो और धनबाद से क्षेत्रीय भाषा की श्रेणी से हटवाने की मांग कर इस मामले को तुल दे दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इन जिलों में इन भाषाओं को बोलने वालों की संख्या न के बराबर है, साथ ही किसी भी जिले में कौन सी भाषा को क्षेत्रीय भाषा की श्रेणी में रखा जाय इसका फैसला पूरे राज्य में भाषावार सर्वेक्षण करवा कर किया जाय.


