चास नगर निगम चुनाव को लेकर बैठक

कार्यकर्ताओं ने महापौर प्रत्याशी के तौर पर संजू देवी के नाम का रखा प्रस्ताव

चास (बोकारो) : आगामी चास नगर निगम चुनाव को लेकर समाजसेवी बिनोद कुमार व उनकी पत्नी संजू देवी चिरा चास में अपने आपने आवास पर कार्यकर्ताओं संग बैठक की। बैठक में कार्यकर्ताओं संग आगामी निगम चुनाव की तैयारी पर विचार-विमर्श किये। इस बैठक में चास नगर निगम के 35 वार्डाें से कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यकर्ताओं ने चास नगर निगम के महापौर के प्रत्याशी के रूप में संजू देवी का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से प्रस्ताव को पारित कर संजू देवी को महापौर के प्रत्याशी के रूप मे नाम की घोषणा की गई। सभी कार्यकर्ताओं ने पुष्प गुच्छ देकर बधाई दी।

अलग-अलग वार्ड से आयी महिलाओं ने उनका पूर्ण समर्थन दिया और कहा कि आपके साथ हमारा पूरा वार्ड है। महापौर प्रत्याशी संजू देवी ने कहा कि जिस विश्वास के साथ आपलोगों ने मुझे महापौर प्रत्याशी के रूप में चुना उसके लिये सदा आभारी रहूंगी। मुझे पूरी उम्मीद है की आप सभी का आशीर्वाद इसी तरह बना रहेगा।

मारवाड़ी समाज की वर्तमान स्थिति एवं भविष्य निर्माण पर चर्चा

जमशेदपुरः पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा साकची अग्रसेन भवन, जमशेदपुर में सम्मान समारोह और परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। परिचर्चा कार्यक्रम में मारवाड़ी समाज की वर्तमान स्थिति एवं भविष्य निर्माण पर चर्चा की गयी और चिकित्सा एवं शिक्षा के क्षेत्र पर विशेष ध्यान देने का निर्णय लिया गया। जरूरतमंद परिवार के दो बच्चे राधिका शर्मा और प्रतिक शर्मा का नामांकन गोविंद विद्यालय में करवाने की घोषणा की गयी।  मारवाड़ी समाज के कई गणमान्य लोगों ने अपने-अपने विचार रखे।

छेड़खानी का विरोध करने पर पत्थरबाजी

धनबाद: बलियापुर थाना क्षेत्र के कर्माटांड़ में एक नाबालिग बच्ची के साथ छेड़खानी के विरोध करने पर जमकर पत्थरबाजी की गई। पत्थरबाजी की इस घटना में कर्माटांड़ के मुखिया और उप प्रमुख घायल है। दोनों का इलाज जिले के एसएन एमएमसीएच अस्पताल में चल रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार एक नाबालिग बच्ची पास के ही एक राशन दुकान में सामान लेने गई थी। जिसके बाद दुकानदार ने बच्ची के साथ छेड़खानी की। बच्ची ने इसकी जानकारी लोगों को दी।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने विरोध किया जिससे आक्रोशित आरोपी दुकानदार ने कुछ लोगों के साथ विरोध कर रहे लोगों पर पत्थरबाजी कर दी। इस घटना में  सरपंच और मुखिया दोनों बुरी तरह घायल हो गए। दोनों का इलाज एसएनएमएमसीएस में चल रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एक बच्ची दुकान में सामान खरीदने के लिए गई थी। इसी दौरान दुकानदार गलत नीयत से बच्ची को दुकान के अंदर ले जाने लगा। किसी तरह वह उसके चंगुल से भाग निकली। इधर सूचना मिलने के बाद पांच थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानदार समेत चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।  मौके पर पहुंचे एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि दुकानदार से किसी बात को लेकर विवाद के कारण यह घटना घटी है। फिलहाल 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है ।जांच पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कुर्मीडीह में जेएमएम ने मनाया शहीद निर्मल महतो का शहादत दिवस

बोकारो : झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रमुख नेता व ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन के संस्थापक निर्मल महतो का जेएमएम बोकारो महानगर कमिटी द्वारा रविवार को कुर्मीडीह स्थित जेएमएम कार्यालय में शहादत दिवस मनाया गया। इस मौके पर बोकारो महानगर कमिटी अध्यक्ष मंटू यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सभी ने स्व. निर्मल महतो की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दिया। शहादत को याद करते हुए महानगर कमिटी के अध्यक्ष मंटु यादव ने कहा कि उनकी याद में पार्टी के आदेश पर शहीद दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्ही की देन है कि आज झारखंड प्रदेश अलग हुआ है। जो उनके आंदोलन के कारण हुआ।

उन्होंने इस दौरान बोकारो के विस्थापितों की समस्याओं को लेकर कहा कि हमारी लड़ाई जारी है। बालीडीह औद्योगिक क्षेत्र में बीपीसीएल यहां की विस्थपित रैयतों की जमीन पर बनकर तैयार हुई, लेकिन विस्थापितों के नियोजन को लेकर अनेकों बार वार्ता हुई पर आज तक एक भी नियोजन नहीं दिया गया।

इसके अलावा अन्य बड़ी-बड़ी कंपनियां भी यहां के विस्थापित अन्य रैयतों की जमीन पर लगाई गई। हमारी लड़ाई उनके खिलाफ भी जारी है। वहीं विस्थापितों ने खुले दिल से स्वगात किया।

बोकारो को मिला अत्याधुनिक इंडोर बैडमिंटन हॉल

बोकारो: बोकारो स्टील प्लांट द्वारा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सभी सुविधाओं से सुसज्जित अत्याधुनिक इंडोर बैडमिंटन हॉल की स्थापना की गई है।इस शानदार दो सिंथेटिक टर्फ वाले कोर्ट की सुविधा वाले इंडोर बैडमिंटन हॉल का उद्घाटन 8 अगस्त को बीएसएल के अधिशासी निदेशकों और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में सेल-बोकारो स्टील प्लांट के निदेशक प्रभारी श्री अमरेंदु प्रकाश ने किया।इसके साथ, बोकारो में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अब 3 सिंथेटिक इंडोर बैडमिंटन कोर्ट हो गए हैं। यह सुविधा बोकारो के भविष्य के चैंपियनों को बैडमिंटन में अपने कौशल को सुधारने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए शोहरत लाने के लिए सुविधा प्रदान करेगी और उन्हें सशक्त बनाएगी।

आम आदमी पार्टी लड़ेगी रांची नगर निगम का चुनाव

रांची- भाजपा रांची नगर निगम क्षेत्र मेंं शहरवासियों की आकांक्षा को पूरी नहीं कर सकी। नगर निगम अब नारक निगम में तब्दील हो चुका है। आम आदमी पार्टी रांची नगर निगम का चुनाव में हिस्सा लेगी। आज प्रेस कल्ब, रांची में प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी गई। नगर निगम चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने 4 सदस्यों की घोषणा की हैं।

धनबाद पहुंची भाजपा की चार सदस्यीय टीम, लाठीचार्ज घटना की निंदा की

घायल कार्यकर्ताओं से की मुलाकात

धनबाद : पिछले दिनों छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की घटना को लेकर रांची से भाजपा की चार सदस्यीय टीम धनबाद सर्किट हाउस पहुंची। भाजपा की चार सदस्यीय टीम, धनबाद सांसद एवं विधायकों की टोली रविवार को SNMMCH जाकर घायल कार्यकर्ताओं एवं छात्रों से मुलाकात की। घटना की निंदा करते हुए विधानसभा में उठाने की बात कही।

लाठीचार्ज करने वाले एसडीएम पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। साथ ही कहा कि जैक अध्यक्ष से मिलकर इसका समाधान निकालने की मांग करेंगे। वहीं राज्य सरकार द्वारा नई नियोजन नीति का भी विरोध किया और उसमें संसोधन की मांग की।

सीपी सिंह ने कहा कि लगभग 34 हजार छात्रों को जैक ने फेल कर दिया है। रिजल्ट में अगर शंका है तो उसका निवारण होना चाहिए। जिन छात्रों का रिजल्ट इंटर्नल एवं ग्यारहवीं में बढ़िया है उसके बावजूद फेल कर देना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि मंत्री बन्ना गुप्ता को आंदोलनकारी छात्रों से मुलाकात करना चाहिए, जो नहीं किया। भाजपा, सरकार के इस कृत्य का विरोध करती है। मंगलवार को सीपी सिंह जैक जाकर अध्यक्ष से मिलकर इस मुद्दे पर बात करेंगे और छात्रों का अहित न हो इसपर परिचर्चा करेंगे। सीपी सिंह ने कहा कि दिल्ली वाले पप्पू और झारखंड वाले पप्पू के बात की कोई वैल्यू नहीं है।

इश्क में मिला धोखा तो आशिक से मिलने बंगलुरु से औरंगाबाद पहुंची प्रेमिका

औरंगाबाद : इश्क-मोहब्बत में जाति, मजहब और उम्र की दीवार देखी नहीं जाती है, पर अक्सर इस सफर में धोखा भी हो जाता है। औरंगाबाद के एक युवक ने भी कुछ ऐसा ही किया है। पहले तो उसने बंगलोर में अपने से बड़ी उम्र की लड़की से मोहब्बत किया, चार साल तक लिव इन रिलेशन में भी रहा।

इस दौरान दो बार गर्भपात करवाया और बाद में धोखे की कहानी दूहरा दी। धोखे के बाद लड़की भटकती हुई औरंगाबाद जिला विधिक सेवा प्राधिकार पहुंची। प्रेमिका का आरोप है कि पन्द्रह दिन पहले उसे जानकारी मिली कि उसका कथित प्रेमी किसी दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा है। इसी की पुष्टि लिए वह औरंगाबाद आयी और जानकारी के आधार पर कथित प्रेमी का घर-मुहल्ला का बारे में पता लगाने की कोशिश की।

परन्तु कुछ जानकारी नहीं मिल सकी। थक-हार कर जब वह थाना जा रही थी तो एक अनजान लड़के ने टेम्पों आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए उस पर हमला करना चाहा। किसी तरह भागकर व्यवहार न्यायालय परिसर के गेट पर खड़े पुलिस कर्मियों को पास पहुंची।

सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मियों ने उसे जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कार्यालय में पहुंचाया। प्राधिकार के कार्यालय में आने के बाद न्याय का भरोसा जागा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ने मामले में तत्काल संज्ञान लेते औरंगाबाद नगर थाना एवं महिला संरक्षरण पदाधिकारी को प्राधिकार के कार्यालय में बुला कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

500 से अधिक कार्टून विदेशी शराब जप्त

पटनाः बिहार में शराबबन्दी है, लेकिन आये दिन शराब और शराब भरे ट्रक की बरामदगी भी आम है। ताजा मामला बेगूसराय का है। गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारने करने गयी नगर थाने की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने भूसे की आड़ में छुपा कर लायी गयी सैकड़ों क़ॉटून विदेशी शराब को जप्त किया है। दो कारोबारियों की भी गिरफ्तारी हुई है। अब तक ट्रक को खाली नहीं किया जा सका है, इसलिए शराब के कार्टून का सही आंकड़ा पुलिस नहीं बता रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि तकरीबन 500 से अधिक कार्टून विदेशी शराब को जप्त किया गया है। ट्रक का निबंधन नागालैंड की है, फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गयी है। वहीं दूसरी धटना औरंगाबाद जिले की है। उत्पाद विभाग की छापेमारी में 365 पेटी विदेशी शराब जब्त किया गया है। सब इंस्पेक्टर कमलेश कुमार ने बताया कि जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार पंचायत चुनाव को देखते हुए शराब के अबैध करोबार पर लगातार छापेमारी की जा रही है। आज गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि शराब के एक बड़ी खेप औरंगाबाद जिला से होते हुए पटना की तरफ जानेवाली है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भरथौली सरीफ के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बंगाल नम्बर ट्रक को रोका गया और जब उसकी जांच पड़ताल की गई तो 365 पेटी विदेशी शराब पाया गया। गाड़ी तथा शराब को जब्त कर लिया गया है। ड्राइबर की भी गिरफ्तारी हुई है।

स्वतंत्रता दिवस को लेकर आरपीएफ अलर्ट

जामताड़ा: 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) को लेकर रेल या रेलवे स्टेशन में कोई अप्रिय घटना न घटे इसके लिये रेल आरपीएफ अलर्ट है। चित्तरंजन, जामताड़ा, करमाटांड़ जिले में पड़ने वाले रेलवे स्टेशन के साथ साथ ट्रेनों में विशेष सतर्कता को लेकर रेलवे पुलिस ने डॉग स्क्वायड से जाँच पड़ताल कर रहे हैं। आसनसोल रेल मंडल के द्वारा डॉग स्क्वायड भेजा गया है जो बारी-बारी से सभी स्टेशनों में जांच की जा रही है। मौके पर आरपीएफ ने बताया की स्वतंत्रता दिवस को लेकर आसनसोल के वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर जामताड़ा, चित्तरंजन, करमाटांड़ रेलवे स्टेशन व ट्रेनों में डॉग स्क्वायड से विशेष सतर्कता अभियान चलाया जा रहा है। सघन जाँच अभियान का मकसद है जो अपराधी प्रविष्टि के लोग है उनमें ख़ौफ़ रहे, और किसी भी तरह के अप्रिय घटना करने से डरे रहे।