बिहार में आज से सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में स्वास्थ्य व्यवस्था बाधित हो सकती है. दरअसल पारा मेडिकल छात्र संघ ने राज्य भर के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में अनिश्चित कालीन हड़ताल करने की घोषणा की है.
मंगलवार को पारा मेडिकल छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष भारत भूषण की अपील पर पीएमसीएच और एनएमसीएच में आक्रोश मार्च निकाला गया और प्रिंसिपल कार्यालय के सामने घंटों नारेबाजी की गयी.
पारा मेडिकल छात्र संघ आरोप लगाया है कि सरकार उनकी मांगों को लेकर गंभीर नहीं है. साथ ही संघ ने अपनी मांगों से जुड़ी अधिसूचना मंगलवार तक जारी नहीं होने पर हड़ताल पर जाने का एलान किया है. संघ ने कहा है कि बुधवार से होने वाली हड़ताल की जानकारी सभी जिलों के सिविल सर्जन को दे दी गयी है.


















